On This Day Cricket Record: आज ही के दिन दो साल पहले यानी 4 जनवरी, 2024 को केप टाउन में एक ऐसा टेस्ट मैच खेला गया, जिसकी कहानी सिर्फ एक दिन और कुछ घंटे में खत्म हो गई. जी हां, भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए इस टेस्ट में महज 642 गेंदों में 33 विकेट गिरे और मैच का नतीजा निकल गया. टेस्ट क्रिकेट के 149 सालों के इतिहास में कभी इससे छोटा मैच नहीं हुआ था. टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से हराकर जीत हासिल की थी.
अपने होम ग्राउंड पर साउथ अफ्रीका के माथे पर ऐसा कलंक लगा, जिसे यादकर आज भी प्रोटियाज का जख्म ताजा हो जाएगा. केप टाउन के न्यूलैंड्स में खेले गए टेस्ट में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. यूं कहें कि उनका ये निर्णय, ‘आ बैल… मुझे मार’ वाला था तो गलत नहीं होगा. टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के आगे दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए.
55 रन पर ऑल आउट हुआ साउथ अफ्रीका
तेज गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर मोहम्मद सिराज ने कोहराम मचाते हुए 9 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 6 विकेट चटकाए. उनके साथी जसप्रीत बुमराह और मुकेश कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए. साउथ अफ्रीका की पहली पारी की कहानी सिर्फ 55 रनों पर खत्म हो गई. दो बल्लेबाजों को छोड़कर बाकी खिलाड़ी ढाई का आंकड़ा भी नहीं क्रॉस कर सके थे.
भारत के 7 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके
ऐसा नहीं था कि इस खतरनाक पिच पर सिर्फ साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे. टीम इंडिया का भी यही हाल रहा. पहली पारी में भारत ने 153 रन तो बनाए, लेकिन 7 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके. मुश्किल पिच पर स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 46 और तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा ने 39 रन बनाए थे जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था.
0 रन पर 6 विकेट
पहली पारी में भारत ने 4 विकेट खोकर 153 रन बनाए थे. आपको ये जानकर झटका लगेगा कि इसी स्कोर पर टीम इंडिया ऑल आउट भी हो गई. जी हां, भारतीय टीम 153/5 से 153/10 हो गई. उन्होंने 6 विकेट बिना एक भी रन बनाए खो दिए थे.
एडन मार्करम ने जड़ा शतक
इस मैच के असली हीरो साउथ अफ्रीकी ओपनर एडन मार्करम रहे थे. जहां बाकी बल्लेबाज एक-एक रन के लिए तरस रहे थे, उस खतरनाक पिच पर मार्करम ने दूसरी पारी में शानदार शतक जड़ा. उन्होंने 106 रनों की पारी खेली. हालांकि, उन्हें किसी का सपोर्ट नहीं मिला और साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने 79 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया. केप टाउन में खेला गया ये टेस्ट एक दिन और कुछ घंटे में समाप्त हो गया, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास का सबसे छोटा मैच है.