नई दिल्ली. भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. वनडे टीम में शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और मोहम्मद सिराज की वापसी हुई है. अय्यर का प्लेइंग इलेवन में शामिल होना उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा. वहीं तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और ध्रुव जुरेल को टीम से बाहर कर दिया गया है.
इस बीच, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण आराम दिया गया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे के लिए भारत की कोर टीम वहीं रहेगी, लेकिन फैंस को 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पिछले वनडे की टीम की तुलना में प्लेइंग 11 में काफी बदलाव देखने को मिल सकते हैं. गर्दन की चोट से वापसी कर रहे शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) की जगह टॉप ऑर्डर में अपनी जगह वापस लेंगे.यशस्वी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक जड़ा था. रोहित शर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी करते हुए शतक बनाया है. वह कप्तान के साथ मिलकर 2023 वर्ल्ड कप की ओपनिंग पार्टनरशिप को फिर से शुरू करेंगे.
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे के लिए भारत की बेस्ट इलेवन.
विराट का तीसरे नंबर पर उतरा तय है
विराट कोहली (Virat Kohli) तीसरे नंबर पर उतरेंगे. उन्होंने बीसीसीआई के निर्देश का पालन करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में भी खेला है, और अब तक दोनों मैचों में मैच जिताने वाली परफॉर्मेंस दी है. उम्मीद है कि वनडे से पहले रोहित विजय हजारे में एक और मैच खेलेंगे. नंबर चार की पोजीशन के लिए माथापच्ची करनी पड़ सकती है. श्रेयस अय्यर चोट से ठीक होने के बाद वापस आए हैं. उम्मीद है कि वह वनडे सीरीज़ से पहले कुछ विजय हजारे ट्रॉफी मैच खेलेंगे क्योंकि उन्हें अपनी फिटनेस साबित करनी होगी.
ऋषभ पंत चौथे नंबर पर उतर सकते हैं
ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को टीम से बाहर करने का सेलेक्टर्स का फैसला यह बताता है कि उन्हें लगता है कि श्रेयस अय्यर 11 जनवरी को पहले वनडे में खेल पाएंगे. वह निश्चित रूप से 2023 से भारत के टॉप वनडे स्कोरर में से एक के तौर पर बेस्ट 11 में जगह बनाते हैं. हालांकि, अगर वह मैच नहीं खेल पाते हैं, तो भारत चौथे नंबर पर बैकअप विकेटकीपर ऋषभ पंत को मौका दे सकता है. तिलक वर्मा को साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे मैच में पांचवें नंबर पर रखा गया था, लेकिन अब केएल राहुल को अपनी जगह वापस मिलनी चाहिए. वॉशिंगटन सुंदर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे में शुरुआत की थी, लेकिन तीसरे में उन्हें तिलक के लिए ड्रॉप कर दिया गया था . न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में दूसरे ऑलराउंडर की जगह के लिए सुंदर और नीतीश रेड्डी के बीच मुकाबला होगा.
रवींद्र जडेजा को पंड्या वाली जिम्मेदारी संभालनी होगी
रवींद्र जडेजा नंबर सात पर अपनी जगह बनाए रखेंगे जबकि हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में फिनिशिंग की जिम्मेदारी संभालनी होगी. हर्षित राणा टीम को डेप्थ देते हैं, इसलिए वह नंबर आठ पर खेलते हुए नजर आएंगे. वापसी करने वाले सिराज पेसर प्रसिद्ध कृष्णा को पीछे छोड़कर आसान सिलेक्शन वाले कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह के साथ बॉलिंग अटैक की अगुआई करते हुए दिखाई देंगे.
भारत की बेस्ट 11 न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के लिए : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह.