सीधी जिले के छत्रसाल स्टेडियम में सीधी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट के नौवें सीजन का शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में दिल्ली, राजस्थान, मुंबई और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रीय व आंचलिक टीमें भाग ले रही हैं।
.
टूर्नामेंट का उद्घाटन मशाल जुलूस, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्यों के साथ हुआ। इस अवसर पर स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन समिति के सदस्यों में उत्साह देखा गया। यह आयोजन खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और एकता का भी प्रतीक है।
मंत्री बोलीं-खेल जीवन में अनुशासन को विकसित करता
राज्य मंत्री राधा सिंह कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आग्रह किया।
खिलाड़ियों को संबोधित करतीं मुख्य अतिथि राज्य मंत्री राधा सिंह।
राज्य मंत्री ने सीधी जिले के विकास पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सीधी एक पुराना जिला है, लेकिन पूर्व में इस पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। यदि समय रहते विकास पर ध्यान दिया जाता तो आज जिले की विकास गति कहीं अधिक तेज होती। उन्होंने भविष्य में सीधी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया।

उद्घाटन समारोह में मौजूद खिलाड़ी, दर्शक और आयोजन समिति के सदस्य।

छत्रसाल स्टेडियम में मशाल जुलूस के साथ टूर्नामेंट का उद्घाटन।
आयोजक ने बताया चैलेंज कप का नौवां सीजन
टूर्नामेंट के आयोजक डॉ. अनूप मिश्रा ने बताया कि यह सीधी चैलेंज कप का नौवां सीजन है और यह आयोजन लगातार आठ वर्षों से सफलतापूर्वक हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का सहयोग हमेशा मिलता रहा है, चाहे वह फंड या संसाधनों के रूप में हो।
गौरतलब है कि राज्य मंत्री राधा सिंह रात करीब 9 बजे कार्यक्रम में शामिल हुई। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं आयोजक डॉ. अनूप मिश्रा के सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के बेटे होने के कारण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी, जो आयोजन के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।