अमेरिका हमेशा मानवता की हत्या करता आया है: सुमन – Bhind News

अमेरिका हमेशा मानवता की हत्या करता आया है: सुमन – Bhind News


.

सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस सीटू द्वारा रविवार को शहर के परेड चौराहा पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला जलाया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष विनोद सुमन, जिला महासचिव अनिल दौनेरिया, जिला सचिव नदीम खान मौजूद रहे।

पुतला दहन के दौरान जिलाध्यक्ष विनोद सुमन ने कहा कि अपने लाभ के लिए अमेरिका हमेशा मानवता की हत्या करता आया है। अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा नागासाकी दो शहरों पर 1945 में पहला परमाणु बम फेंकते हुए इसकी शुरुआत की थी। अमेरिका ने वियतनाम और अफगानिस्तान की समाजवादी सरकार को गिराने के लिए गृह युद्ध को भड़काया था। रासायनिक हथियारों के नाम से इराक की राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की हत्या कर उसके प्राकृतिक संसाधनों एवं कच्चे तेल पर कब्जा करने से लेकर फिलिस्तीन की निर्दोष जनता पर इजरायल की बमबारी के लिए अमेरिका जिम्मेदार है।

इसी तरह यूक्रेन को रूस से युद्ध में फंसाया। यूक्रेन के प्राकृतिक संसाधनों पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी कंपनियों कब्जा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला में कच्चे तेल के अतिरिक्त कोयला, लोहा के विशाल भंडार हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर कब्जा करने के लिए वेनेजुएला पर हमला किया। वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर अमेरिका की जेल में बंद कर दिया है।

संयुक्त राष्ट्र संघ से हमारी मांग है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को सम्मान के साथ रिहा कराया जाए। इसके अलावा मेरा अपने देशवासियों से आह्वान है ​वे अमेरिका कंपनियों के द्वारा तैयार किए गए सामान को न खरीदें। इस मौके पर रामौतार नरवरिया, नरेंद्र सिंह सेंगर, जिला संयोजक खेत मजदूर यूनियन लक्ष्मण सिंह, जगदीश, श्याम सिंह, मुन्ना लाल बाथम, अरविंद जाटव, राजीव, अनीश आदि उपस्थित रहे



Source link