बैतूल में सोमवार को सकल हिंदू समाज ने छेड़छाड़ और धमकी के आरोपी युवक को जमानत न दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान आरोपी के खिलाफ नारेबाजी की और ‘लव जिहाद’ का पुतला भी फूंका।
.
प्रदर्शन के बाद, कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि आरोपी राजू खान पर कड़ी कार्रवाई की जाए और उसे किसी भी स्थिति में जमानत न दी जाए। ज्ञापन में बताया गया कि बैतूल की एक निजी कंपनी में कार्यरत एक युवती को सदर निवासी राजू खान मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसके घर पहुंचकर धमकाया और जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास भी किया।
इस घटना के बाद, आरोपी युवती को लगातार धमका रहा था। पुलिस ने मामले में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पहले भी गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है।
संगठन ने मांग की कि पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरोपी को किसी भी परिस्थिति में जमानत न दी जाए। प्रदर्शन में जिले के कई हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपी की जमानत का कोर्ट में विरोध किया जाएगा और उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।