जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर ने यह कार्रवाई की।
अनूपपुर जिला मुख्यालय में शिकायतों का समाधान नहीं करने पर एक पटवारी पर कार्रवाई की गई है। मंगलवार को कलेक्टर सभागार में हुई जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पांडे ने लापरवाही बरतने वाले पटवारी पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
.
दुलहीबांध क्षेत्र के पटवारी पर लगा 10 हजार का जुर्माना
यह कार्रवाई कोतमा तहसील के दुलहीबांध क्षेत्र के पटवारी रणधीर विक्रम प्रताप सिंह पर की गई। दुलहीबांध की रहने वाली चंद्रवती यादव ने अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर शिकायत की थी, लेकिन पटवारी ने लंबे समय तक इसका समाधान नहीं किया। परेशान होकर महिला को दोबारा जनसुनवाई में अपनी बात रखनी पड़ी।
पटवारी पर महिला को बेवजह परेशान करने का आरोप
जांच में सामने आया कि चंद्रवती यादव ने 16 दिसंबर 2025 को जनसुनवाई में आवेदन दिया था, जो जन आकांक्षा पोर्टल पर लंबित था। इसके बावजूद पटवारी ने शिकायत का समाधान नहीं किया और महिला को बेवजह परेशान किया। शासन के साफ निर्देशों के बाद भी शिकायत नहीं सुलझाने पर अपर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
जनसुनवाई में मिले 32 आवेदन
मंगलवार की जनसुनवाई में प्रभारी कलेक्टर ने कुल 32 आवेदनों पर सुनवाई की। इस दौरान ग्राम चोई धनगवां पूर्वी के संतोष कुमार कोल ने गांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत की। वहीं ग्राम बरबसपुर, पौड़ी चौड़ी कोतमा के रामचंद्र दुबे ने पावर कंपनी द्वारा बनाए गए बांध में ज्यादा पानी भरने की समस्या बताई।
इसके अलावा कोतमा के सुखीराम पुरी ने कब्जे की जमीन को लेकर परेशान किए जाने की शिकायत रखी। राजेंद्रग्राम के पंचम सिंह और उनके साथियों ने मॉडल स्कूल के निर्माण में की गई मजदूरी का भुगतान दिलाने की मांग की।