टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर मंगलवार रात लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 8 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल टीकमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा देहात थाना क्षेत्र के पारागढ़ तलैया के पास हुआ।
.
हादसे का शिकार हुए बबलू पाल ने बताया कि वे अपने परिवार और परिचितों के साथ नयाखेरा से मौगना गांव जा रहे थे। सभी लोग देहात थाना क्षेत्र के नयाखेरा गांव से दस्टोन कार्यक्रम में शामिल होने मौगना गांव जा रहे थे।
रास्ते में पारागढ़ तलैया के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। गाय को बचाने की कोशिश में ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक लगाए, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस, डायल 112 और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉली के नीचे से निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
देहात थाना प्रभारी चंद्रजीत यादव ने बताया कि इस हादसे में कुल 8 लोगों को चोटें आई हैं। अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में से कुछ की हालत स्थिर है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।
