डिंडौरी जिले के सरहरी धान खरीदी केंद्र पर बारदाने की कमी से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि वे दो दिनों से अपनी फसल लेकर बैठे हैं, लेकिन बारदाने न मिलने के कारण उनकी धान की तुलाई नहीं हो
.
सिमरिया गांव के किसान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वे 80 क्विंटल धान लेकर दो दिन से केंद्र पर खड़े हैं। उनके साथ करीब 50 और किसान भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि केंद्र प्रभारी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे, जिसके चलते उन्हें मजबूर होकर सड़क जाम करनी पड़ी।
पुलिस और प्रशासन ने खुलवाया जाम
हाईवे जाम होने की खबर मिलते ही एसडीओपी सतीश दुबे मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को समझाया और उन्हें वापस खरीदी केंद्र लेकर आए। एसडीओपी ने केंद्र के कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी जिम्मेदारी से पल्ला न झाड़ें और किसानों को सही स्थिति बताएं। इसके बाद तहसीलदार आर पी मार्को ने भी केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
लक्ष्य से ज्यादा हुई खरीदी, जल्द आएंगे बारदाने
लीड प्रबंधक नारायण ठाकुर ने बताया कि केंद्र पर अब तक 2,41,200 क्विंटल धान खरीदी जा चुकी है, जो तय लक्ष्य से भी ज्यादा है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 80,000 बारदाने दिए जा चुके हैं और बाकी बारदाने अगले एक-दो घंटे में केंद्र पर पहुंच जाएंगे। तहसीलदार ने भी भरोसा दिलाया है कि बारदाने मिलते ही किसानों की धान की तुलाई तुरंत शुरू कर दी जाएगी।