Shreyas Iyer Vijay Hazare Trophy: स्टार भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने क्रिकेट मैदान पर जोरदार वापसी की है. उन्होंने मंगलवार (6 जनव) को जयपुर के जयपुरिया विद्यालया ग्राउंड में विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ 53 गेंदों में 82 रनों की शानदार पारी खेली. यह अक्टूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान लगी स्प्लीन की चोट के बाद लंबे रिहैबिलिटेशन दौर के बाद अय्यर की प्रोफेशनल क्रिकेट में वापसी थी.
खतरनाक तरीके से चोटिल हुए थे अय्यर
अय्यर की चोट को शुरू में जितना सोचा गया था, उससे ज्यादा गंभीर निकली. इसके कारण श्रेयस को सिडनी में इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उनका एक छोटा सा मेडिकल प्रोसीजर हुआ. रिहैबिलिटेशन के आखिरी दौर में बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 10 दिन बिताने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की मेडिकल टीम ने बल्लेबाज को क्रिकेट मैदान पर फिर से शुरू करने की हरी झंडी दे दी.
53 गेंद पर ठोके 82 रन
31 साल के इस खिलाड़ी ने शानदार अंदाज में वापसी की. मुंबई के लिए 53 गेंदों में 82 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें दस चौके और तीन छक्के शामिल थे. अय्यर जब बल्लेबाजी करने आए, तब मुंबई आठ ओवर के बाद 55/2 की नाजुक स्थिति में था. यशस्वी जायसवाल (18 गेंदों में 15) और सरफराज खान (10 गेंदों में 21) सस्ते में आउट हो गए थे.
ये भी पढ़ें: 6,6,6,4,6,6… IPL 2026 के अनसोल्ड खिलाड़ी ने मचाया कोहराम, एक ओवर में ठोके 34 रन
शतक से चूके अय्यर
अय्यर ने मुशीर खान (51 गेंदों में 73) के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की तेज साझेदारी करके पारी को संभाला. मुंबई के कप्तान ने इसके बाद सूर्यकुमार यादव के साथ चौथे विकेट के लिए 39 गेंदों में 65 रन और जोड़े. अय्यर शतक से चूक गए और 82 रन बनाकर कुशल पाल के हाथों आउट हो गए.
ये भी पढ़ें: स्मिथ ने शतक से पहले दिखाया बाउंसर खेलने का नया तरीका, VIDEO देख नहीं रुकेगी हंसी
टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में वापसी तय!
श्रेयस को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की सीरीज के लिए भारत की वनडे टीम का उप-कप्तान भी बनाया गया है. यह सीरीज 11 जनवरी को वडोदरा में शुरू होगी. पंजाब किंग्स के कप्तान को अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने टीम में शामिल किया है, लेकिन उनकी फिटनेस की मंजूरी मिलना बाकी है. अब अय्यर को वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम से जुड़ने से पहले बाकी विजय हजारे ट्रॉफी मैचों में पूरी मैच फिटनेस दिखानी होगी. हिमाचल के खिलाफ बल्लेबाजी को देखकर ऐसा लगता है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ प्लेइंग-11 में उनका स्थान पक्का हो गया है.