बालाघाट में शीतलहर और बढ़ते कोहरे को देखते हुए कलेक्टर मृणाल मीणा ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव किया है। नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह आदेश जारी किया गया है।
.
मंगलवार देर शाम जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, निजी, सीबीएसई और नवोदय स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाएं अब सुबह 9:30 बजे के बाद शुरू होंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने कहा कि दो शिफ्ट में चलने वाले स्कूल स्टूडेंट्स की सुविधा अनुसार अपना समय समायोजित करेंगे, लेकिन सुबह 9:30 बजे से पहले कक्षाएं संचालित नहीं की जाएंगी।
परीक्षाओं के समय में बदलाव नहीं
प्रशासन ने साफ किया है कि यह नया समय सिर्फ नियमित कक्षाओं के लिए लागू होगा। जो परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे अपनी पुरानी समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। शिक्षकों और स्टाफ के लिए स्कूल का समय यथावत रह सकता है, लेकिन विद्यार्थियों को सुबह की कड़ाके की ठंड से राहत दी गई है।
कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर
जनवरी की शुरुआत से ही बालाघाट जिले में उत्तर भारत की सर्द हवा के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। घने कोहरे और शीतलहर के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है, जिसे देखते हुए यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
