जिला अस्पताल में मौजूद मृतक के परिवार वाले।
गुना के बमोरी इलाके के बछावदा गांव के पास सोमवार शाम नहर में एक युवक की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक पिछले एक हफ्ते से लापता था। मंगलवार सुबह जिला अस्पताल में शव की शिनाख्त भैरव घाटी गांव निवासी 35 वर्षीय जानकी लाल के रूप में हुई। पोस्टमा
.
नहर में दिखी अज्ञात लाश, ग्रामीणों ने दी सूचना
बता दें कि ग्राम बछावदा के पास से गुजरने वाली नहर में ग्रामीणों ने पानी में एक अज्ञात शव देखा। शव की हालत बेहद खराब और सड़ी-गली थी, जिससे स्पष्ट था कि वह कई दिनों पुराना है। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बमोरी पुलिस को दी।
पुलिस ने नहर से निकलवाया शव
सूचना मिलने पर बमोरी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय भिजवाया। उस समय तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर म्याना थाना क्षेत्र की ऊमरी चौकी अंतर्गत भैरव घाटी गांव निवासी मुन्ना लाल अपने अन्य परिजनों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपने बेटे जानकी लाल के रूप में की।
एक हफ्ते से था लापता
परिजनों के अनुसार जानकी लाल पिछले मंगलवार से लापता था। वह खेत पर काम करने के बाद घर लौटा नहीं था। इसके बाद परिवार ने खेत और आसपास के 1 से 2 किलोमीटर क्षेत्र में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मृतक के पिता मुन्ना लाल ने बताया कि जानकी लाल खेत से काम करने के बाद संभवतः शराब पीने के लिए बंजारों के टपरों की ओर गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
हादसा नहीं, हत्या का आरोप
परिजनों ने आशंका जताई कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि जानकी लाल इतना नशा भी नहीं करता था कि नहर तक पहुंच जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बेटे को मारकर नहर में फेंका गया है। परिजनों ने सवाल उठाया कि जानकी लाल का खेत बछावदा नहर से काफी दूर है। ऐसे में उसका शव वहां मिलना संदेह पैदा करता है। उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए हत्या की बात कही।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
पुलिस ने फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की है।