भिंड जिले में इटावा रोड पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत आरटीओ बैरियर के पास मिनी बस सड़क किनारे खड़े ट्रॉले में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फूप निवासी अजीत शाक्य के यहां बच्चे के जन्म पर आयोजित बधाई (पच) कार्यक्रम में शामिल होकर परिजन मिनी बस क्रमांक एमपी 07 पी 0881 से पोरसा लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे जैसे ही बस इटावा रोड स्थित आरटीओ बैरियर के पास पहुंची, ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खड़े ट्रॉला में जा घुसी।
एक ही परिवार के 9 सदस्य घायल हादसे में घायल हुए लोगों में 42 वर्षीय ममता पत्नी सुरेश शाक्य निवासी मेहगांव, 8 वर्षीय छवि पुत्री सुक्रीम निवासी पोरसा, 42 वर्षीय गुड्डी पत्नी पप्पू शाक्य, 19 वर्षीय सोनम पुत्री सुरेश शाक्य, 65 वर्षीय बसंत शाक्य निवासी पोरसा, 50 वर्षीय टुंडे शाक्य निवासी मेहगांव, 70 वर्षीय आसाराम शाक्य, 55 वर्षीय हेवन शाक्य एवं 75 वर्षीय झुग्गी लाल शाक्य निवासी रेखा नगर शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्राथमिक जांच में हाईवे पर भारी वाहनों की अधिकता और बस चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। यह भी चर्चा है कि ड्राइवर नशे की हालत में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
देहात थाना पुलिस के टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया।