Steve Smith: एशेज सीरीज 2025-26 में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है. सिडनी में खेले जा रहे आखिरी टेस्ट में पहले ट्रेविस हेड ने अंग्रेजों का जीना-हराम किया और 163 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने मोर्चा संभाला और अपने होम ग्राउंड पर ऐतिहासिक शतक जड़कर इंग्लैंड को और संकट में डाल दिया. स्टीव स्मिथ ने टेस्ट करियर का 37वां शतक ठोककर इतिहास रच दिया है. उन्होंने भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 36 सेंचुरी जड़ी थी. इसके अलावा स्टीव स्मिथ के नाम एशेज में 13 शतक हो गए हैं और वो इस मेगा इवेंट में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से दूसरे सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. इस मामले में स्मिथ अब सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से पीछे हैं, जिनके नाम एशेज में 19 सेंचुरी का रिकॉर्ड है.
ये तो हो गई स्टीव स्मिथ और उनके रिकॉर्ड की बात, लेकिन जब वो मैदान पर बल्लेबाजी करते हैं तो कुछ ना कुछ ड्रामा जरूर होता है. चाहे साइटस्क्रीन के पास घूम रहे लोगों से दिक्कत हो या फिर गेंद खेलने के बाद उनका रिएक्शन. सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन भी ऐसा ही दिलचस्प नजारा देखने को मिला.
बाउंसर खेलने के बाद स्टीव स्मिथ का मजेदार रिएक्शन
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसे देखकर फैंस अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं. ये मजेदार घटना तब हुई जब इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग बाउंसर से ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को टेस्ट कर रहे थे. स्मिथ भी कहां हार मानने वालों में से थे, उन्होंने इस इम्तेहान का डटकर सामना किया और पास होने के बाद इंग्लिश गेंदबाजों की खूब धुनाई की.
जोश टंग की एक बाउंसर को स्टीव स्मिथ ने अजीबोगरीब तरीके से खेला. गेंद उनके शरीर की तरफ आ रही थी, इसलिए वो थोड़ा झुके, लेकिन बैलेंस बिगड़ने के कारण वो गिर गए. इसके बाद वो ‘स्पाइडर मैन’ के अंदाज में उठे, जिसे देखकर कमेंटेटर भी अपनी हंसी नहीं रोक सके.
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) January 6, 2026
राहुल द्रविड़ से आगे निकले स्टीव स्मिथ
सिडनी टेस्ट में पहले इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने 41वां शतक जड़कर रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली तो अब स्टीव स्मिथ ने भी जलवा दिखाते हुए 37वीं सेंचुरी जड़ी और भारत के पूर्व महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ दिया. टेस्ट में सबसे अधिक शतक जड़ने वालों की लिस्ट में स्मिथ अब छठे नंबर पर पहुंच गए हैं.
— Test Match Special (@bbctms) January 6, 2026
टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक शतक
51 – सचिन तेंदुलकर (भारत)
45 – जैक्स कैलिस (साउथ अफ्रीका)
41 – रिकी पोंटिंग (रिकी पोंटिंग)
41 – जो रूट- (इंग्लैंड)
38 – कुमार संगाकारा (श्रीलंका)
37 – स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया)
36 – राहुल द्रविड़ (भारत)
ये भी पढ़ें: क्या आपने पैसे के लिए… इतना सुनते ही LIVE शो पर फूट-फूटकर रोने लगे कपिल देव, जानें पूरा मामला