Aman Rao Perala Double Century: राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल ऑक्शन में जिसे 30 लाख रुपये में खरीदा है, उस बल्लेबाज ने विजय हजारे ट्रॉफी में तहलका मचा दिया है. हैदराबाद के ओपनर अमन राव ने मंगलवार को टूर्नामेंट के छठे राउंड में बंगाल के खिलाफ 154 गेंदों पर 200 रन बनाए. इससे उनकी टीम राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में 50 ओवर में 352/5 का विशाल स्कोर बनाने में कामयाब रही. अमन ने मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी गेंदबाजों की धुलाई कर दी.
12 चौके और 13 छक्के जड़े
अमन ने पहली पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया. उन्होंने 154 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया. अमन ने अपनी पारी में 12 चौके और 13 छक्के लगाए. अमन की यह पारी लिस्ट ए क्रिकेट में हैदराबाद के किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है और विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में यह नौवां दोहरा शतक है. दोहरा शतक बनाने वाले अन्य बल्लेबाज नारायण जगदीसन, पृथ्वी शॉ, ऋतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, स्वस्तिक सामल, यशस्वी जायसवाल, कर्ण कौशल और समर्थ व्यास हैं.
आईपीएल में बिकने के बाद मचाई तबाही
यह सीनियर क्रिकेट में अमन का पहला शतक था, यह सफलता उन्हें IPL 2026 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स द्वारा 30 लाख रुपये में चुने जाने के तुरंत बाद मिली.पहले बल्लेबाजी करने उतरे अमन ने बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को अपने फैसले पर फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया. उन्होंने और गहलोत राहुल सिंह ने मिलकर 104 रन की ओपनिंग साझेदारी की.
ये भी पढ़ें: 6,6,6,4,6,6… IPL 2026 के अनसोल्ड खिलाड़ी ने मचाया कोहराम, एक ओवर में ठोके 34 रन
अमन और तिलक वर्मा ने टीम को संभाला
16वें ओवर में रोहित दास ने राहुल (65 रन) को आउट कर दिया, जिसके बाद अमन और कप्तान तिलक वर्मा (34 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े. हैदराबाद जल्द ही 35वें ओवर में 197/3 पर पहुंच गया, इससे पहले अमन और विकेटकीपर प्रज्ञाय रेड्डी (22 रन) ने चौथे विकेट के लिए 76 रन जोड़े. बाद में मोहम्मद शमी ने उन्हें आउट कर दिया, जिसके बाद अमन और प्रणव वर्मा (7 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े. शमी ने वर्मा को भी आउट कर दिया, जिसके बाद अमन और चमा मिलिंद (नाबाद 6 रन) ने छठे विकेट के लिए 36 रन जोड़कर हैदराबाद को विशाल स्कोर तक पहुंचाया.
ये भी पढ़ें: स्मिथ का रिकॉर्ड बुक हिलाने वाला शतक, ब्रैडमैन, सचिन और रूट का रिकॉर्ड ध्वस्त
अमन राव कौन हैं?
अमन राव पेराला का जन्म जून 2004 में मैडिसन, विस्कॉन्सिन में हुआ था. जहां कई भारतीय खिलाड़ी बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका चले गए हैं, वहीं अमन अपने जन्म स्थान से अपने देश में खेलने के लिए वापस आए. अमन ने दिसंबर 2024 में मिजोरम के खिलाफ टी20 डेब्यू किया और मैच जिताने वाली पारी खेलते हुए 42 गेंदों में 67 रन बनाए. फिलहाल उनके नाम 11 मैचों में 33.44 की औसत से 301 रन हैं, जिसमें दो हाफ-सेंचुरी शामिल हैं. अमन ने पिछले महीने बड़ौदा के खिलाफ लिस्ट ए डेब्यू किया और 29 गेंदों में 39 रन बनाए. मंगलवार के मैच से पहले उन्होंने दो मैचों में 26 की औसत से 39 रन बनाए थे.