Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी प्लेट ग्रुप में बिहार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में मणिपुर को 6 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही उसने अगले सीजन के एलीट लीग में अपनी जगह पक्की कर ली. बिहार ने प्लेट ग्रुप में जबरदस्त वर्चस्व दिखाया और अपने सभी 5 लीग राउंड मैच जीते. इससे अगले सीजन में अब उसका मुकाबला बड़ी टीमों से होगा. मणिपुर के खिलाफ मैच में शब्बीर खान ने कहर बरपा दिया और 7 विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिला दी.
वैभव ने दो मैचों में लिया हिस्सा
बिहार के लिए इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी ने दो मुकाबलों में हिस्सा लिया और 221 रन बनाए. इसमें अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ शानदार 190 रन की पारी भी शामिल है. प्लेट ग्रुप का खिताब जीतकर और प्रमोशन हासिल करने के बाद बिहार अगले सीजन से विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में खेलेगा. यह टीम के लिए एक महत्वपूर्ण कदम और बिहार क्रिकेट के लिए गर्व का पल है.
ये भी पढ़ें: 200 रन, 12 चौके, 13 छक्के… 21 साल के बल्लेबाज दोहरे शतक से मचाई खलबली, शमी-आकाश दीप और मुकेश को धो डाला
शब्बीर की कातिलाना गेंदबाजी
जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी मणिपुर 47.5 ओवरों में 169 रन पर सिमट गई. इस टीम के चार बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल सके. मणिपुर के लिए उलेन्याई ख्वाइराकपम ने 112 गेंदों में 7 चौकों के साथ सर्वाधिक 61 रन बनाए, जबकि फिरोजम जोतिन ने 51 रन की पारी खेली. बिहार की तरफ से शब्बीर खान ने 8 ओवरों में महज 30 रन बनाकर 7 विकेट हासिल किए. शेष 3 विकेट हिमांशु तिवारी ने अपने नाम किए.
ये भी पढ़ें: ICC Rankings: दीप्ति शर्मा से छिनी नंबर-1 की कुर्सी, अब पहले स्थान पर ये खूंखार बॉलर, हरमनप्रीत कौर को फायदा
भारत ने आसानी से लक्ष्य को हासिल किया
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम ने 31.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम के लिए आयुष लोहारुका ने 11 चौकों के साथ 75 रन की पारी खेली. वहीं, मंगल महरौर ने 32 रन अपने खाते में जोड़े. इस बीच आकाश राज ने आयुष लोहारुका के साथ चौथे विकेट के लिए 62 गेंदों में 57 रन जुटाए. मणिपुर के लिए बिश्वोरजित कोंथौजम, फिरोजम जोतिन, किशन थोकचोम और किशन सिंघा ने 1-1 विकेट हासिल किया.