Sports Top-5 News Today: खेल जगत में इन दिनों बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान का मुद्दा गरमाया हुआ है. आईपीएल 2026 से उनकी छुट्टी होने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड बौखलाया हुआ है. सोमवार को बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगाने का बड़ा ऐलान किया. वहीं BCB ने आईसीसी से ये मांग की है कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके मुकाबले भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट की जाए. इस मामले पर आईसीसी की तरफ से बड़ा फैसला आ सकता है. आइए नजर डालते हैं कि मंगलवार, 6 जनवरी को खेल की दुनिया में और क्या-क्या हुआ.
मुस्तफिजुर रहमान पर घमासान
सोमवार, 5 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिहा किए जाने के बाद देश में आईपीएल के प्रसारण और स्ट्रीमिंग पर अनिश्चितकाल के लिए रोक लगा दी. यह घटनाक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है.
शुभमन गिल ने की बड़ी डिमांड
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में घर पर भारी बेइज्जती के बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने बीसीसीआई से बड़ी डिमांड की है. मैदान के बाहर ये शुभमन का बतौर कप्तान पहला बड़ा कदम है. शुभमन ने BCCI से उन्हें अधिक अधिकार देने का आग्रह किया है. भारती टेस्ट कप्तान तैयारी के लिए अधिक समय चाहते हैं. उन्होंने घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन के टेस्ट कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया है. गिल अपने पूर्ववर्तियों की तरह अधिक जिम्मेदारी लेना और फैसले खुद लेना चाहते हैं.
टेस्ट में लक्ष्मण को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
पूर्व भारतीय दिग्गज वीवीएस लक्ष्मण को टेस्ट क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) के प्रमुख की सेवाएं लेने की योजना बना रहा है. ऐसे समय में जब गौतम गंभीर सफेद गेंद क्रिकेट में व्यस्त होंगे और टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं होगा, तब लक्ष्मण टीम इंडिया के लिए लाल गेंद क्रिकेट शिविरों का आयोजन और संचालन कर सकते हैं.
कोहली के फैंस को झटका
विराट कोहली 6 जनवरी को दिल्ली बनाम रेलवे के मैच में नहीं खेलेंगे. पूर्व भारतीय कप्तान ने दिल्ली के लिए 24 और 26 दिसंबर को दो मैच खेले थे और खबरों के मुताबिक उन्हें एक और मैच खेलना था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. इसके बजाय, वो 7 जनवरी को वडोदरा में टीम इंडिया के कैंप में शामिल होंगे.
ट्रेविस हेड ने जड़ा 12वां टेस्ट शतक
ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने एक बार फिर इंग्लैंड को उन्हीं की दवा का स्वाद चखाया है. सिडनी में खेले जा रहे 5वें टेस्ट की पहली पारी में हेड ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए इस सीरीज का तीसरा और अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ा. ट्रेविस हेड ने चौकों की बरसात करते हुए 105 गेंद पर सेंचुरी जड़ी. ये सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर उनका पहला टेस्ट शतक है.
ये भी पढ़ें: 4000 रन और 400 विकेट… कई धुरंधर आए और गए, मगर अटूट है टेस्ट का ये महारिकॉर्ड; किसने किया ये करिश्मा?