Who is Ridhima Pathak: भारत और बांग्लादेश में बीच रिश्ते बिगड़ते जा रहे हैं. पड़ोसी मुल्क में लगातार बेगुनाह हिंदुओं की हत्या से देशभर में आक्रोश है. अब इसका असर खेल पर भी दिख रहा है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड के आदेश के बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया. बीसीसीआई के इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को धक्का लगा. इस बीच बुधवार, 7 जनवरी को ये खबर फैली कि BCB ने भारत की स्टार महिला स्पोर्ट्स एंकर रिद्धिमा पाठक को BPL (बांग्लादेश प्रीमियर लीग) से हटा दिया है. अब स्पोर्ट्स प्रेजेंटेटर ने खुद इस मामले की पूरी सच्चाई बताई है.
सबसे पहले तो ये बता दें कि रिद्धिमा पाठक स्पोर्ट्स प्रेजेंटेशन की दुनिया में जानी मानी नाम हैं, जिन्होंने भारत में स्टार स्पोर्ट्स और सोनी स्पोर्ट्स जैसे प्रसारकों के लिए कई क्रिकेट शो और इवेंट्स की मेजबानी की है. रिद्धिमा बांग्लादेश में पाकिस्तान की ज़ैनब अब्बास के साथ बीपीएल 2025-26 की सह-मेजबानी कर रही थीं, लेकिन अब इस लीग से उनका सफर खत्म हो गया है.
रिद्धिमा पाठक ने खुद BPL को मारी लात
दरअसल, सोशल मीडिया पर बांग्लादेश की तरफ से ये खबर फैलाया गया कि उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान का बदला लेते हुए भारतीय एंकर को टी20 लीग से हटा दिया है. हालांकि, सच तो ये है कि रिद्धिमा पाठक ने खुद बीपीएल को लात मार दिया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर दिल जीतने वाला पोस्ट कर इसका खुलासा किया.
रिद्धिमा पाठक ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ”पिछले कुछ घंटों में यह अफवाह फैली है कि मुझे बीपीएल से ‘निकाल दिया गया’ है. यह सच नहीं है. मैंने व्यक्तिगत रूप से बीपीएल से बाहर होने का फैसला किया है. मेरे लिए मेरा देश सर्वोपरि है और क्रिकेट मेरे लिए किसी भी व्यक्तिगत जिम्मेदारी से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है. मुझे वर्षों तक ईमानदारी, सम्मान और लगन के साथ इस खेल की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, यह नहीं बदलेगा. मैं सत्यनिष्ठा, स्पष्टता और खेल भावना के लिए खड़ी रहूंगी.”
मुस्तफिजुर हुए आईपीएल से बाहर तो बौखलाया बांग्लादेश
जब से क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर का रास्ता दिखाया गया है, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इसे पचा नहीं पा रहा है. BCB ने आईसीसी से ये मांग कर दी कि आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के सभी मुकाबलों को भारत की जगह श्रीलंका में शिफ्ट कर दिया जाए. हालांकि, रिपोर्ट की मानें तो ICC ने इस मांग को ठुकरा दिया है.