Last Updated:
Satna School News: सतना के एक स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर शिक्षिका ने यूकेजी की छात्रा को थप्पड़ मार दिया. इससे बच्ची ने बैलेंस खो दिया और नीचे गिर गई. उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया. परिजन इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
सतना. जिले के अमौधा स्थित सीएमए विद्यालय में एक बेहद चिंताजनक और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां होमवर्क नहीं करने पर एक शिक्षिका द्वारा मासूम छात्रा को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि थप्पड़ लगने से छात्रा संतुलन खो बैठी और गिर गई, जिससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है.
पीड़ित छात्रा यूकेजी कक्षा में पढ़ती है और चौहान नगर पतेरी निवासी संजय शर्मा की बेटी है. परिजनों के अनुसार बच्ची स्कूल में सामान्य रूप से पढ़ाई करने गई थी, लेकिन होमवर्क पूरा न होने पर इंग्लिश विषय पढ़ाने वाली शिक्षिका सपना खरे ने उसे थप्पड़ मार दिया. अचानक लगे थप्पड़ से बच्ची गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई. बाद में चिकित्सकीय जांच में उसके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई.
शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के पिता संजय शर्मा अमौधा स्थित सिविल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में बच्चों के साथ अनुशासन के नाम पर शारीरिक हिंसा की जा रही है, जो पूरी तरह से गलत और कानूनन अपराध है. परिजनों ने दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
स्कूल का सीसीटीवी फुटेज देने से इंकार
मामले को लेकर विद्यालय प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है. आरोप है कि घटना के बाद जब परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज की मांग की तो विद्यालय प्रबंधन ने उसे देने से साफ इंकार कर दिया. वहीं विद्यालय की प्राचार्य ने इस पूरे मामले पर मीडिया से दूरी बनाए रखी और कोई स्पष्ट बयान देने से बचते नजर आए.
About the Author
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 7 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें