मृतक सुरेन्द्र, जिसकी हत्या उसके दोस्त ने की।
ग्वालियर में नए साल के जश्न के दौरान एक युवक को शराब पिलाकर उसके ही पड़ोसी दोस्त ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन जब उसे अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसकी मौत हो गई।
.
घटना 31 दिसंबर की रात लक्ष्मणपुरा इलाके की है। दो दिन पहले पुलिस ने हमलावर दोस्त अभिषेक उर्फ गोली रजक को उज्जैन से हिरासत में लिया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने मृतक के पेट और सिर में मुक्के मारे थे। पीएम रिपोर्ट के अनुसार मृतक को लिवर की बीमारी थी, आंत फट गई थी और सिर में गंभीर चोट आई थी। इन्हीं कारणों से मौत होना प्रतीत हुआ है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा
पड़ाव थाना पुलिस को मंगलवार को डॉक्टरों से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिली। पीएम करने वाले डॉ. हेमराज दिनकर ने स्पष्ट किया कि सुरेंद्र की मौत के तीन संभावित कारण हैं, लिवर की बीमारी, आंत में चोट लगकर उसका फटना और सिर में गंभीर चोट।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने मृतक के पेट में लगातार मुक्के मारे थे, जिससे आंत फट गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक उर्फ गोली रजक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
आरोपी को पहले उज्जैन पुलिस ने हिरासत में लिया था।
शराब पार्टी में हुआ था विवाद
दरअसल, पड़ाव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा में रहने वाला 20 वर्षीय सुरेंद्र जाटव शादी समारोहों में आइसक्रीम का स्टॉल लगाने का काम करता था। 31 दिसंबर की रात उसके पड़ोस में रहने वाले अभिषेक रजक उर्फ गोली और मोंटू नामक दो दोस्तों ने पार्टी करने के लिए उसे बुलाया था। तीनों ने साथ में शराब पार्टी की।
नशा बढ़ने के बाद सुरेंद्र और अभिषेक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अभिषेक और मोंटू ने बीच सड़क पर सुरेंद्र के साथ मारपीट की और उसे उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। घटना के समय मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
कुछ देर बाद परिजनों को सुरेंद्र के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली। वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। हालत में सुधार न होने पर शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की शिकायत पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले में आगे जांच जारी
इस मामले में पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि सुरेंद्र की मौत के मामले में एक आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।