मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे की मांग
बुरहानपुर में युवक कांग्रेस ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के विरोध में प्रदर्शन किया। बुधवार दोपहर को आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की और मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
.
यह विरोध प्रदर्शन ठाकुर शिवकुमार सिंह प्रतिमा के पास हुआ। प्रदर्शनकारियों ने एक बैनर लगाया, जिस पर लिखा था, “मासूमों के जीवन को घंटा समझने वाले जहरीले मंत्री इस्तीफा दो।” कांग्रेस द्वारा दूषित जल के मुद्दे पर लगातार विरोध किया जा रहा है, इससे पहले विधायकों के निवास के बाहर घंटा बजाकर भी प्रदर्शन किया गया था।
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अर्जुन जंगाले ने इस दौरान कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा की घटना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि बुरहानपुर समेत कई अन्य जिलों में भी ऐसी ही स्थिति है, जहां सीवरेज लाइनें खोदी गई हैं, जिससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। जंगाले ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की।
युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह ने बुरहानपुर में हुए डायरिया के मामलों का जिक्र करते हुए इंदौर की घटना को दुखद बताया। उन्होंने पब्लिक हेल्थ नियमों के तहत एडवाइजरी जारी करने, पानी की शुद्धता की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेता निखिल खंडेलवाल, हर्षित ठाकुर, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सरिता भगत सहित अन्य नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे।