AUS vs ENG 5th Test: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिए एशेज सीरीज 2025-26 निराश करने वाली रही. टीम पूरी सीरीज चोटों से जूझती रही. पहले मुकाबले से लेकर आखिरी टेस्ट तक कोई न कोई प्लेयर चोटिल हुआ. अब कप्तान बेन स्टोक्स को लेकर हैरान करने वाली खबर है. बेन स्टोक्स सिडनी टेस्ट के चौथे दिन मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर गए हैं. उनकी फिटनेस ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि बाद में अपडेट आया कि वह दूसरी पारी में बैटिंग के लिए उपलब्ध रहेंगे.
दरअसल, सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान स्टोक्स ने मैदान छोड़ दिया. कंगारू टीम की पारी के 28वें ओवर के बीच में ही स्टोक्स चोटिल हो गए. यह ओवर स्टोक्स ही डाल रहे थे. उन्होंने चौथी बॉल फेंकी और तुरंत ड्रेसिंग रूम की तरफ चले गए. स्टोक्स के चोटिल होने के बाद जैकब बेथेल ने वह ओवर पूरा किया, जबकि स्टोक्स की अनुपस्थिति में हैरी ब्रूक ने कप्तानी संभाली और इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में 567 रनों पर ऑलआउट कर दिया. फिलहाल इंग्लैंड दूसरी पारी में बैटिंग कर रही है. इंग्लैंड खेमे ने पुष्टि की है कि कप्तान को मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या थी.
चोट के चलते बाहर हो चुके हैं ये बॉलर
एशेज सीरीज 2025-26 में इंग्लैंड टीम के स्टार बॉलर गस एटकिंसन (हैमस्ट्रिंग), जोफ्रा आर्चर (साइड स्ट्रेन) और मार्क वुड (घुटना) चोटिल होकर पहले ही बाहर हो चुके हैं. अब स्टोक्स भी चोटिल खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं. पिछले 18 महीनों में स्टोक्स को यह चौथी चोट लगी है और यह लगातार चौथी सीरीज है, जिसमें वह चोटिल हुए हैं.
चोट के चलते कब-कब नहीं खेल पाए स्टोक्स?
34 साल के बेन स्टोक्स को अगस्त 2024 में द हंड्रेड के दौरान दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसकी वजह से वह श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में नहीं खेल सके थे. फिर उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ पहला टेस्ट मैच मिस करना पड़ा था. इसके बाद दिसंबर 2024 में जब इंग्लैंड टीम न्यूजीलैंड दौरे पर गई थी, तब भी स्टोक्स को तीसरे और आखिरी टेस्ट मैच में दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी. साल 2025 में जब इंग्लैंड ने अपने घर में 5 टेस्ट खेले थे, तब स्टोक्स कंधे की चोट के चलते पूरी सीरीज नहीं खेल पाए थे. अब एशेज 2025-26 में एक बार फिर उन्हें चोट ने परेशान कर दिया है. उनकी पुरानी चोट एक बार फिर उभर आई है.
एशेज सीरीज 2025-26 में कैसा रहा स्टोक्स का प्रदर्शन?
एशेज सीरीज 2025-26 में बेन स्टोक्स ने गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया है. उन्होंने 25.13 की औसत से 15 विकेट लिए हैं. उन्होंने पर्थ में खेले गए टेस्ट मैच की पहली पारी में 23 रन देकर 5 विकेट लेकर सीरीज की शुरुआत की थी. हालांकि बल्ले से उनका प्रदर्शन फीका रहा. वह 5 टेस्ट की 9 पारियों में 20.33 की औसत से सिर्फ 183 रन ही बना पाए हैं.
ये भी पढ़ें: Ashes 2025-26 का सबसे घातक बल्लेबाज… 5 मैचों में ठोके 600 रन… 3 शतक के साथ उड़ाया गर्दा