Last Updated:
Arjun Tendulkar Bowling: विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में गोवा के लिए अर्जुन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के एक ऐसे बल्लेबाज को आउट किया, जिससे उनकी हर तरफ चर्चा हो रही. वैसे तो पारी में अर्जुन की गेंदबाजी कुछ खास नहीं रही. अर्जुन ने 8 ओवर डाले, जिसमें उन्होंने 39 रन खर्च किए, लेकिन उन्होंने अपने बेस्ट फ्रेंड का विकेट जरूर हासिल किया.
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाने लगे हैं. अर्जुन इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में गोवा के लिए खेल रहे हैं. 8 जनवरी को एलीट ग्रुप में गोवा का मुकाबला महाराष्ट्र के साथ हुआ. इस मैच में अर्जुन के खिलाफ एक ऐसा खिलाड़ी खेल रहा था, जो मैदान के बाहर उनका बेस्ट फ्रेंड है, लेकिन जब पिच पर दोनों का आमना-सामना हुआ तो जीत अर्जुन तेंदुलकर की हुई.
दरअसल हम बात करें पृथ्वी शॉ की, महाराष्ट्र के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे पृथ्वी शॉ को अर्जुन तेंदुलकर ने अपना शिकार बनाया. अर्जुन का पारी में ये एकमात्र विकेट रहा. वहीं पृथ्वी शॉ 5 गेंद का सामना कर सिर्फ 1 रन ही बना पाए. इस तरह अर्जुन ने खेल के मैदान पर अपने बेस्ट फ्रेंड को आउट कर उनका दिल तोड़ दिया.
एक ही टीम से खेलते थे अर्जुन और पृथ्वी
बता दें कि अर्जुन तेंदुलकर और पृथ्वी शॉ पहले एक ही घरेलू टीम मुंबई के लिए खेलते थे, लेकिन अर्जुन ने साल 2022 में मुंबई को छोड़ गोवा के लिए खेलना शुरू कर दिया. वहीं पृथ्वी शॉ ने पिछले साल मुंबई को छोड़ा और अब महाराष्ट्र के लिए खेल रहे हैं. ऐसे में अब जब भी महाराष्ट्र और गोवा की टीम घरेलू प्रतियोगिताओं में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरती है तो अर्जुन और पृथ्वी के बीच रोमांचक टक्कर देखने को जरूर मिलता है.
महाराष्ट्र के लिए चमके रुतुराज गायकवाड़
गोवा के खिलाफ मुकाबले में टीम के ओपनर पृथ्वी शॉ का बल्ला बेशक नहीं चला, लेकिन टीम के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने अपनी तूफानी खेल से गदर मचा दिया. गोवा के खिलाफ गायकवाड़ ने 131 गेंद में 134 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 6 छक्के और 8 चौके भी लगाए. गायकवाड़ की इस बेहतरीन बल्लेबाजी से महाराष्ट्र की टीम ने निर्धारित 50 ओवर के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 249 रन का स्कोर खड़ा किया.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें