नीमच में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ हो गया है। यह अभियान “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर पूरे जनवरी माह तक चलेगा। एसपी अंकित जायसवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस सड़क हादसों को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।
.
गुरुवार को यातायात पुलिस ने करीब 100 से 150 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए। पुलिस का कहना है कि रात के समय सड़क पर चलने या खड़े भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं होने से हादसे होते हैं। रेडियम लगाने से वाहन दूर से दिखाई देंगे और हादसों में कमी आएगी।
हुड़दंग और नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
अभियान के दौरान पुलिस ने साफ किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बुलेट बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालने वालों, स्टंट करने वालों और नाबालिग वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जा रही है और नियम तोड़ने वालों के मामले सीधे न्यायालय में भेजे जा रहे हैं।

तेज रफ्तार और ब्लैक फिल्म पर भी नजर
पुलिस तेज गति से वाहन चलाने वालों और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर भी कड़ी नजर रखे हुए है। सड़क पर लापरवाही करने वालों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है।

सार्वजनिक स्थानों पर लगाए बैनर
लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए शहर के चौराहों, बसों, ऑटो और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और फ्लैक्स लगाए गए हैं। डिजिटल माध्यम से भी प्रचार किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग नियमों का पालन करें।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की जान की सुरक्षा करें। यह अभियान पूरे जनवरी माह तक जारी रहेगा।