सीहोर जिले की रेहटी पुलिस ने आज (गुरुवार) अवैध शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक कार से 300 क्वार्टर देशी और 144 क्वार्टर अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त की गई शराब और कार की कुल कीमत 7 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
.
कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम कलवाना नहर के पास पहुंची। वहां सामने से आ रही एक टाटा पंच कार (MP04 YC 2164) को रोककर चेक किया गया। कार की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की में अवैध शराब मिली।
कार चालक ने अपना नाम सौरभ यादवंशी निवासी डिमावर बताया, जबकि उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम भोलाराम यादवंशी निवासी डिमावर बताया। कार से 6 पेटी देशी मदिरा लाल मसाला (300 क्वार्टर) और ऑफिसर चॉइस अंग्रेजी शराब (144 क्वार्टर, कुल 25 लीटर) बरामद हुई।
आरोपियों से शराब के परिवहन, रखने और बेचने संबंधी वैध लाइसेंस के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।