बालाघाट में धान उत्पादक किसान रबी की फसल के लिए दिन में 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। गुरुवार को किसान गर्जना संगठन के बैनर तले किसानों ने मोती उद्यान में बैठक की, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई।
.
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 16 जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित बिजली विभाग के अभियंता कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इस घेराव में जिले के रबी की धान लगाने वाले किसानों से एकजुट होकर शामिल होने का आह्वान किया गया है।
किसान गर्जना संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बताया कि किसानों की मुख्य मांग है कि 1 फरवरी से रबी की फसल के लिए सुबह से शाम तक लगातार 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। वर्तमान में सरकार द्वारा सुबह और रात में बिजली दी जा रही है।
चौधरी ने बताया कि रात के समय वन्यजीवों का डर रहता है, जिससे किसान खेतों में काम करने से भयभीत हैं। हाल ही में वन्यजीवों ने रिहायशी इलाकों में पहुंचकर मवेशियों का शिकार भी किया है। इसलिए किसान रात की बजाय दिन में बिजली आपूर्ति चाहते हैं।
उन्होंने जिले के सभी रबी धान उत्पादक किसानों से दलगत भावना से ऊपर उठकर इस मांग के समर्थन में एकजुट होने और आवाज उठाने का आग्रह किया है।