छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के चंदला थाना के अंतर्गत आने वाले बिलहरी गांव की रहने वाली एक लड़की का फिल्मी स्टाइल में अपहरण किया गया. किडनैपर्स ने उसका गैंगरेप किया. इसके बाद उसको बेच दिया और शादी भी करा दी. वहीं पुलिस इसे प्रेम-प्रसंग से जोड़ते हुए फिलहाल जांच कर रही है. पीड़िता ने लोकल 18 को बताया कि 26 अक्टूबर 2025 की शाम को वह घर के बाहर टहल रही थी कि तभी गांव का ही रजौली यादव आया. उसने बोला वह उससे प्यार करता है और शादी करना चाहता है. घर के बाहर से ही उसने उसका मुंह दबाया और भगाकर ले गया. इसके बाद उसने बीरू सेन को बाइक से बुलाया. रजौली और बीरू उसे बाइक पर बिठाकर ले गए. बीरू ने बाइक से उसे और रजौली को केन नदी के किनारे तक छोड़ दिया.
एसपी ऑफिस में दिया आवेदन
पीड़िता ने आगे कहा कि 18 नवंबर 2025 को हम एसपी ऑफिस भी गए, वहां पूरा दिन एसपी साहब से मिलने के लिए बैठे रहे लेकिन फिर निराश होकर आवेदन देकर ही वापस आ गए. उसे इंसाफ मिलना चाहिए. उसकी FIR नहीं लिखी जा रही है. वह पिछले दो महीनों से ज्यादा समय से परेशान है. महीनों से चक्कर लगाने के बाद अब जाकर पुलिस अधिकारी FIR करने को बोल रहे हैं लेकिन सिर्फ दो लोगों पर केस कायम करने की बात कर रहे हैं. अभी तक उसका मेडिकल भी नहीं कराया गया. अगर उसे इंसाफ नहीं मिलता है, तो वह न्यायालय की शरण लेगी और वहां से इंसाफ मांगेगी. वह इन दरिंदों पर FIR करवाकर ही रहेगी. इन्हें सजा दिलाकर ही वह चैन से बैठेगी.
एसडीओपी ने दी जानकारी
एसडीओपी नवीन दुबे ने इस बारे में कहा कि थाना चंदला में बालिग लड़की के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसमें प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया था. जिसके बाद लड़की को बरामद कर लिया गया था. महिला अधिकारी द्वारा उसके बयान ले लिया गया है. उसने बताया था कि उसने एक लड़के के साथ प्रेम विवाह कर लिया है. स्टांप में लिखा-पढ़ी कराकर शादी भी कर ली है. मंदिर में उसने शादी कर ली है. दस्तयाब के दौरान लड़की द्वारा यह दस्तावेज उपलब्ध करवाए गए थे. पुलिस द्वारा स्टेटमेंट लेने के बाद लड़की के परिजनों की मौजूदगी में ही पावती दे दी गई थी.
पति के साथ ही रहना चाहती थी लड़की
SDOP नवीन दुबे के मुताबिक, लड़की परिजनों के साथ में नहीं जाना चाहती थी. धारा 164 के कथन करने के लिए लड़की को एसडीएम कार्यालय भी भेजा गया था लेकिन वहां पर उसका स्टेटमेंट नहीं हो पाया था. इसके बाद लड़की को उसके पति के सुपुर्द कर दिया गया था क्योंकि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती थी.
मामले की जांच जारी
दस्तयाब के बाद लड़की द्वारा जो शिकायती आवेदन दिया गया है, उसके तथ्यों की जांच की जा रही है. यह घटना डेढ़ महीने पहले की है. शिकायती आवेदन में लड़की जो तथ्य बता रही है, उसकी विवेचना पुलिस कर रही है. अगर तथ्य सही पाए जाते हैं, तो अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल अभी तथ्य रिलेवेंट नहीं मिल रहे हैं क्योंकि मामला गंभीर है, इसलिए बारीकी से जांच कर रहे हैं.