बालाघाट में मॉयल कर्मी का घर में मिला शव: पत्नी के मायके जाने के बाद अकेला था, फोन नहीं उठाने पर पुलिस को सूचना मिली – Balaghat (Madhya Pradesh) News

बालाघाट में मॉयल कर्मी का घर में मिला शव:  पत्नी के मायके जाने के बाद अकेला था, फोन नहीं उठाने पर पुलिस को सूचना मिली – Balaghat (Madhya Pradesh) News


बालाघाट जिले के रूपझर थाना अंतर्गत उकवा चौकी के रोप लाइन में एक मॉयल कर्मी का शव उसके घर से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

.

उकवा चौकी प्रभारी आकाश शर्मा ने बताया कि मॉयल कर्मी सुरेंद्र कावरे के परिजनों ने उसके फोन का जवाब न मिलने की सूचना दी थी। संदेह होने पर पुलिस ने घर जाकर देखा तो सुरेंद्र का शव सामने के कमरे में पड़ा मिला।

मृतक की पहचान 39 वर्षीय सुरेंद्र कावरे, पिता हंसलाल कावरे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र की पत्नी 25 दिसंबर को मायके गई हुई थी, जिसके बाद से वह घर में अकेला था।

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामले में मार्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों में मौत को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हैं। बताया गया है कि मृतक के घर का सामने का दरवाजा बंद था, जबकि पीछे का दरवाजा खुला हुआ था। पुलिस पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।



Source link