विजय हजारे ट्रॉफी में टॉप 10 शतकवीर… ऋतुराज ने किया बड़ा धमाका, नंबर 1 पर इन 2 बल्लेबाजों के नाम

विजय हजारे ट्रॉफी में टॉप 10 शतकवीर… ऋतुराज ने किया बड़ा धमाका, नंबर 1 पर इन 2 बल्लेबाजों के नाम


Most hundreds in Vijay Hazare Trophy: इन दिनों विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की धूम है. इस सीजन जिन बल्लेबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया है, उनमें दाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ का नाम भी शामिल है, जो महाराष्ट्र टीम के कप्तान हैं. 8 जनवरी को इस सीजन का 7वां मुकाबला खेलने उतरे इस खिलाड़ी ने कमाल की बैटिंग की. उन्होंने मुश्किल वक्त में आकर शतक ठोका और एक बड़ा कमाल कर दिया.

ऋतुराज गायकवाड़ गोवा के खिलाफ चल रहे मुकाबले में उस वक्त बैटिंग करने आए थे, जब महाराष्ट्र की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी. स्कोर सिर्फ 52 रन था. इसके बाद ऋतुराज ने न सिर्फ पारी संभाली बल्कि शतक ठोक टीम को सम्मानजनक स्कोर 249 तक पहुंचाया. उन्होंने 131 गेंदों का सामना करते हुए 134 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में पिछले चार मैचों में यह उनका तीसरा 50+ स्कोर है. पिछली तीन पारियां उनकी 124 रन, 66 रन और 22 रन की रही थीं.

शतक ठोक नंबर 1 पर काबिज हुए

यह ऋतुराज गायकवाड़ के लिस्ट-ए करियर का 20वां शतक था, जबकि विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में 15वां. इस सेंचुरी के दम पर वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब अंकित बावने के साथ संयुक्त रूप से नंबर 1 पर काबिज हो चुके हैं. बावने ने जहां 94 पारियों में 15 शतक मारे थे, वहीं ऋतुराज ने सिर्फ 57 पारियों में यह करिश्मा कर दिखाया. ऋतुराज इस सीजन अब तक 7 मैचों में 82.60 की औसत से 2 शतक और 1 फिफ्टी लगाकर कुल 413 रन बनाए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source


टॉप 10 में कई स्टार शामिल

विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों में वे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने 9 से लेकर 15 शतक लगाए हैं. लिस्ट में पहले नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़ और अंकित बावने का नाम है, जबकि 10वें नंबर पर आर. समर्थ हैं, जो अब तक 66 पारियों में 9 शतक ठोक चुके हैं. इस लिस्ट में क्रिकेट से संन्यास ले चुके रॉबिन उथप्पा, यशपाल सिंह और अभिनव मुकुंद जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं.

विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज (Top 10 batsmen with most centuries in Vijay Hazare Trophy)

15- ऋतुराज गायकवाड़ (57 पारियां)

15- अंकित बावने (94 पारियां)

13- देवदत्त पडिक्कल (35 पारियां)

13- मयंक अग्रवाल (78 पारियां)

11- मनन वोहरा (74 पारियां)

11- रॉबिन उथप्पा (79 पारियां)

10- एन. जगदीशन (62 पारियां)

10- यशपाल सिंह (69 पारियां)

9- अभिनव मुकुंद (63 पारियां)

9 – आर. समर्थ (66 पारियां)

ये भी पढ़ें:  IND U19 vs SA U19: 13 साल पुराना महारिकॉर्ड चकनाचूर, बतौर कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने कर दिखाया बड़ा कारनामा



Source link