Last Updated:
Satna News: यह लाइब्रेरी सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, यहां यूथ के लिए अलग-अलग सेक्शन में बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि पढ़ाई में बाधा न आए. कई सीटों पर कंप्यूटर सिस्टम की सुविधा उपलब्ध है, जिससे डिजिटल स्टडी में भी हेल्प मिलती है.
सतना. मध्य प्रदेश के सतना शहर में शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव की बयार बह रही है. जहां आज के समय में विद्यार्थियों को शांत, सुविधाजनक और आधुनिक अध्ययन स्थल की तलाश रहती है, वहीं बिरला रोड पर स्थित नालंदा पुस्तकालय इस जरूरत को बखूबी पूरा कर रहा है. यह लाइब्रेरी न केवल किफायती शुल्क में उपलब्ध है बल्कि यहां बच्चों को पढ़ाई के लिए वो सभी सुविधाएं मिलती हैं, जो आमतौर पर बड़े शहरों की लाइब्रेरियों में देखने को मिलती हैं. ट्रेंडी इंटीरियर, अनुशासित वातावरण और आधुनिक संसाधनों के कारण नालंदा पुस्तकालय तेजी से छात्रों की पहली पसंद बनता जा रहा है.
संस्था के एमडी संजय कुमार गोयल की सोच रही है कि सतना जैसे शहर में भी बच्चों को बड़े शहरों जैसी लाइब्रेरी सुविधाएं मिलनी चाहिए. इसी सोच के चलते नालंदा पुस्तकालय में नॉमिनल रेट रखा गया है ताकि हर वर्ग का छात्र यहां पढ़ाई कर सके. उनका मानना है कि यदि बच्चों को सही माहौल और संसाधन मिलें, तो वे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और अपने सपनों को साकार कर सकते हैं.
किताबों का समृद्ध संग्रह
वर्तमान में करीब 90 विद्यार्थियों की क्षमता वाली इस लाइब्रेरी में हर तरह की किताबें उपलब्ध हैं. यहां फिक्शन और नॉन-फिक्शन के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी किताबें, टेक्स्ट बुक्स और सीए से संबंधित स्टडी मैटीरियल आदि भी मौजूद है. छात्रों को अपनी जरूरत के अनुसार अध्ययन सामग्री आसानी से मिल जाती है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस माहौल
यह पुस्तकालय सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, यहां छात्रों के लिए अलग-अलग सेक्शन में बैठने की व्यवस्था की गई है ताकि किसी की पढ़ाई में बाधा न आए. कई सीटों पर कंप्यूटर सिस्टम की सुविधा दी गई है, जिससे डिजिटल स्टडी में भी मदद मिलती है. इसके अलावा स्टडी रूम, कॉन्फ्रेंस रूम और लंच रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जो लंबे समय तक पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं. लाइब्रेरी प्रबंधन की ओर से हर महीने एक शैक्षणिक या प्रेरणादायक इवेंट का आयोजन भी किया जाता है. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों का बौद्धिक और मानसिक विकास करना है. ऐसे इवेंट्स से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ती है और उन्हें नई दिशा मिलती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.