सतना के रीवा रोड पर बुधवार देर रात एक बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने दो राउंड हवाई फायर भी किए और मौके से फरार हो गए। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई।
.
पुलिस के अनुसार, जैतवारा निवासी अनिकेत गौतम (30), जो वर्तमान में मारुति नगर में रहते हैं, बुधवार रात करीब 11 बजे अपनी बाइक से घर जा रहे थे। अभिनंदन रेस्टोरेंट के पास एक फोन कॉल आने पर वे रुककर बात करने लगे।
इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार आधा दर्जन से अधिक बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने रॉड, लाठी और चाकू से अनिकेत पर हमला कर दिया। करीब 10 मिनट तक हमला करने के बाद बदमाश दो राउंड हवाई फायर करते हुए मौके से भाग निकले।
हमले का कारण स्पष्ट नहीं हमलावरों के भागते ही आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल अनिकेत को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण अनिकेत अभी बात करने की स्थिति में नहीं हैं, जिससे हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी डीपी सिंह चौहान और टीआई रावेन्द्र द्विवेदी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल अनिकेत का हालचाल जाना। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश शुरू की।
पुलिस घटनास्थल के आसपास की दुकानों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक चाकू भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है।