सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के ग्राम गिजवार में धान चोरी की कोशिश विफल हो गई। सतर्क ग्रामीणों ने चोरी कर ले जा रहे एक पिकअप वाहन को पकड़ने की कोशिश की। हालांकि, वाहन सवार आरोपी धान की बोरियां सड़क पर फेंक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। ग्राम
.
घटना बुधवार देर रात करीब 12 बजे की है। ग्रामीण सत्यवान रावत के अनुसार, एक अज्ञात पिकअप वाहन गिजवार समिति परिसर में पहुंचा। वहां से धान की बोरियां लोड करने के बाद वाहन तेजी से निकलने लगा। ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया।
घिरते देख आरोपी ने सड़क पर धान फेंका
खुद को घिरा देखकर वाहन में पीछे बैठे एक व्यक्ति ने पिकअप से धान की बोरियां सड़क पर और सड़क किनारे फेंकना शुरू कर दिया। इसका उद्देश्य वाहन को हल्का कर भागना था।
ग्रामीणों के शोर और पीछा करने के बावजूद आरोपी वाहन लेकर फरार होने में सफल रहे। हालांकि, वे मौके पर बड़ी संख्या में धान की बोरियां छोड़ गए। ग्रामीणों की सूचना पर मड़वास थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बिखरी हुई धान की बोरियों को जब्त कर लिया।
पुलिस जांच में जुटी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। जब्त की गई धान की बोरियों के साथ, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि धान कहां से लोड किया गया था, वाहन किसका था और इस घटना में कितने लोग शामिल थे। सभी पहलुओं की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।