8 जनवरी का मौसम: 100 सालों का टूटा रिकॉर्ड, एमपी में छठी सबसे सर्द रात, शहडोल से भोपाल तक कांपे लोग

8 जनवरी का मौसम: 100 सालों का टूटा रिकॉर्ड, एमपी में छठी सबसे सर्द रात, शहडोल से भोपाल तक कांपे लोग


MP Weather Today: मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में इस वक्त कड़ाके की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल शहडोल से लेकर राजधानी भोपाल तक तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है. हालात ऐसे हैं कि सुबह और रात के समय लोग घरों से निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. वहीं घना कोहरा सड़कों पर वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है, जिससे सड़क और रेल यातायात दोनों प्रभावित हो रहे हैं.

जनवरी की छठी सबसे सर्द रात

प्रदेश में ठंड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राजधानी भोपाल में जनवरी महीने की रात का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक यह पिछले 100 सालों में जनवरी की छठवीं सबसे सर्द रात मानी जा रही है. ठंड के इस रिकॉर्ड ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है.

मौसम विभाग ने बताया है कि प्रदेश के उमरिया और शहडोल जिले के कल्याणपुर इलाके में शीतलहर चलने की स्थिति बनी हुई है. मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात कल्याणपुर सबसे ज्यादा ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस ठंड ने लोगों को अलाव और हीटर का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है.

पश्चिमी विक्षोभ का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार, इस समय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में बना हुआ है. साथ ही सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवाएं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में सक्रिय हैं, जिसके चलते मौसम पूरी तरह ड्राय बना हुआ है और ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है.

घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है. भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक सतना, खजुराहो और छतरपुर जिलों में घना कोहरा पड़ने की संभावना है. वहीं ग्वालियर, गुना, रीवा और दतिया में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है. इसके अलावा राजगढ़, सीधी और नौगांव जैसे जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है.

अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो प्रदेश में शहडोल जिला सबसे ठंडा रहा. कल्याणपुर में 3.8 डिग्री, उमरिया में 3.9 डिग्री, राजगढ़ और खजुराहो में 4.5 डिग्री, शिवपुरी में 5 डिग्री और रीवा में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं बड़े शहरों में उज्जैन में 10.5 डिग्री, ग्वालियर में 8.7 डिग्री, जबलपुर में 7.2 डिग्री, इंदौर में 11 डिग्री और भोपाल में 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत के आसार कम हैं. आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.



Source link