चार दिन के अवकाश के बाद स्कूल पहुंचे बच्चे।
आगर मालवा जिले में सर्दी का असर कम होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य हो गई हैं। चार दिन के अवकाश के बाद शुक्रवार से पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी शासकीय और निजी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र खोले गए हैं।
.
सोमवार से गुरुवार तक लगातार चार दिन के अवकाश के बाद स्कूलों के खुलने से पेरेंट्स अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। सड़कों पर स्कूल वाहन भी बच्चों को लाते-ले जाते दिखाई दिए, जिससे लंबे समय बाद शैक्षणिक गतिविधियों में रौनक लौट आई है।
तापमान में वृद्धि से लोगों को मिली राहत
हालांकि, जिले में सर्दी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई है। न्यूनतम तापमान अभी भी लगभग 9 डिग्री बना हुआ है, जिसके कारण सुबह और रात के समय ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं, दिन के तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे दिन के समय खिली धूप ठंड से काफी राहत प्रदान कर रही है।
पहले की तुलना में कोहरे की स्थिति भी सामान्य हो गई है, जिससे आवाजाही में कोई विशेष परेशानी नहीं आ रही है। सावधानी के तौर पर बच्चे और बड़े अभी भी गर्म कपड़े पहने दिख रहे हैं, लेकिन कुल मिलाकर मौसम में सुधार के साथ जिले में सामान्य जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है।