आलीराजपुर जिले के ग्राम मधुपलवी के पटेल फलिया में शुक्रवार देर शाम रुद्राक्ष वितरण के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात रेफर किया गया है।
.
पुरानी रंजिश में किया हमला
छकतला चौकी प्रभारी राहुल चौहान ने बताया कि घायल युवक की पहचान राधेश्याम मोरी के रूप में हुई है। आरोपी हिम्मत मोरी ने पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से राधेश्याम के सिर पर वार किया। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पांच साल पुराने विवाद में मारा
पुलिस के अनुसार, करीब पांच साल पहले स्वयं सहायता समूह के तहत आंगनवाड़ी में खाना बनाने का काम हिम्मत मोरी से हटाकर राधेश्याम मोरी को दिया गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसक घटना में बदल गया।
हालत गंभीर, गुजरात रेफर
घटना के बाद घायल राधेश्याम को छकतला में प्राथमिक उपचार दिया गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए गुजरात के बोडेली रेफर कर दिया है।
हिंदू सम्मेलन की तैयारी के दौरान हुई घटना
बताया गया है कि 11 जनवरी को मधुपलवी में प्रस्तावित हिंदू सम्मेलन की तैयारियों के तहत कार्यकर्ता रुद्राक्ष वितरण कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने हमला कर दिया।
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी हिम्मत मोरी घटना के बाद से फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।