किराएदार से पत्नी का अवैध रिश्ता, पन्ना में पति की मौत, दो मासूमों का भविष्य अंधेरे में

किराएदार से पत्नी का अवैध रिश्ता, पन्ना में पति की मौत, दो मासूमों का भविष्य अंधेरे में


शिवकांंत आचार्य
पन्ना.
जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र से सामने आया यह मामला केवल एक पारिवारिक त्रासदी नहीं, बल्कि भरोसे, रिश्तों और सामाजिक ताने-बाने के टूटने की कहानी है. जिस घर में कभी हंसी-खुशी और बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है. आरोप है कि किराए पर रहने आए एक युवक ने परिवार की शांति को ऐसा तोड़ा कि पति ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. पत्नी और किराएदार के कथित अवैध संबंधों से मानसिक रूप से टूटे पति ने ऐसा कदम उठाया, जिससे दो मासूम बच्चों का भविष्य सवालों में घिर गया है. मृतक की बुजुर्ग मां ने रो-रोकर सारी बताई है. मां ने कहा कि उसके बेटे ने पुलिस थाने में जहर खाया और अगर पुलिस कार्रवाई करती तो ऐसा नहीं होता.

मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने थाने तक गुहार लगाई, लेकिन समय रहते उनकी बात नहीं सुनी गई. सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों ने पत्नी की भूमिका को कठघरे में खड़ा किया, जिसके बाद पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि आरोपी किराएदार अब भी फरार है. पुलिस अफसर आरोपी कासिम को तलाश करने के लिए टीमों के बनाए जाने की बात कह रहे हैं, लेकिन पहले एक्‍शन नहीं लिया था.

पन्‍ना के रैपुरा थाने का मामला
यह सनसनीखेज घटना मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान अमृतलाल चौधरी के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ इसी क्षेत्र में रहता था. घर में जून-जुलाई 2025 के दौरान उत्तर प्रदेश का रहने वाला कासिम नामक युवक किराए पर आया था.

किराएदार की एंट्री और बढ़ती नजदीकियां
कासिम फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था. इसी दौरान अमृतलाल की पत्नी बिन्नी बाई से उसकी नजदीकियां बढ़ीं. आरोप है कि यह नजदीकियां धीरे-धीरे अवैध प्रेम संबंध में बदल गईं. परिवार के लोगों का कहना है कि पत्नी का बार-बार किराएदार के कमरे में जाना घरेलू कलह की वजह बन गया था.

पति को लगी भनक, शुरू हुआ तनाव
जब अमृतलाल को पत्नी और किराएदार के रिश्ते की जानकारी हुई, तो वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गया. उसने पत्नी से कहा कि वह प्रेमी के खिलाफ शिकायत करे और संबंध खत्म करे. लेकिन पत्नी ने ऐसा करने से इनकार कर दिया. आरोप है कि उसने प्रेमी का पक्ष लिया, जिससे अमृतलाल खुद को अकेला और अपमानित महसूस करने लगा.

सुसाइड नोट ने खोली परतें
इलाज के दौरान जबलपुर अस्पताल में अमृतलाल की मौत हो गई. मरने से पहले छोड़े गए सुसाइड नोट में उसने पत्नी की बेवफाई और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है. इसी नोट को जांच का अहम आधार बनाया गया है.

परिजनों के आरोप और दर्द
मृतक की मां ने रो-रोकर बताया कि बेटे ने पत्नी को समझाने की हर कोशिश की. हाथ जोड़कर भी गुहार लगाई, लेकिन वह नहीं मानी. उनका आरोप है कि यदि पुलिस समय रहते बेटे की शिकायत पर ध्यान देती, तो यह घटना नहीं होती.

पुलिस ने लिया एक्‍शन, मृतक की पत्‍नी को भेजा जेल
एडिशनल एसपी पन्ना वंदना चौहान के अनुसार, सुसाइड नोट और प्रारंभिक जांच के आधार पर पत्नी और किराएदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. आरोपी पत्नी को जेल भेज दिया गया है. फरार आरोपी कासिम की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं.



Source link