टीम इंडिया के लिए एक बहुत बुरी खबर सामने आ रही है. एक खूंखार भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों से बाहर हो गया है. BCCI ने इसको लेकर एक लेटेस्ट अपडेट भी जारी किया है. बता दें कि स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा राजकोट में पेट की सर्जरी के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन T20I मैचों से बाहर हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस बात की पुष्टि की.
टीम इंडिया के लिए बुरी खबर
23 साल के तिलक वर्मा को बुधवार शाम को एक सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में इमरजेंसी सर्जरी करवानी पड़ी, क्योंकि उन्हें दिन में पेट में तेज दर्द हुआ था. मेडिकल स्कैन से पता चला कि सर्जरी तुरंत करने की जरूरत है, जिसके बाद डॉक्टरों ने बिना किसी देरी के ऑपरेशन किया. हालात पर अपडेट देते हुए BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि सर्जरी के बाद तिलक वर्मा अच्छी तरह से रिकवर हो रहे हैं.
पहले 3 T20I से बाहर ये खूंखार बल्लेबाज
देवजीत सैकिया ने एक ऑफिशियल बयान में कहा, ‘तिलक वर्मा को गुरुवार सुबह हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया और वह शुक्रवार को हैदराबाद वापस जाएंगे. तिलक वर्मा की हालत अभी स्थिर है और उनमें सुधार हो रहा है.’ BCCI ने तिलक वर्मा की क्रिकेट एक्टिविटी में वापसी का रोडमैप भी बताया. बयान में कहा गया, ‘तिलक वर्मा फिजिकल ट्रेनिंग फिर से शुरू करेंगे और जब उनके घाव ठीक हो जाएंगे, तो धीरे-धीरे स्किल-बेस्ड एक्टिविटी में लौटेंगे. वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन T20I मैचों से बाहर हैं. बाकी दो मैचों के लिए उनकी उपलब्धता का आकलन ट्रेनिंग और स्किल फेज के दौरान उनकी प्रोग्रेस के आधार पर किया जाएगा.’
T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने पर भी सस्पेंस
रिकवरी टाइमलाइन की वजह से 7 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के T20 वर्ल्ड कप 2026 के ओपनिंग मैच के लिए तिलक वर्मा की उपलब्धता पर भी सवाल उठ गए हैं. भारत को 12 फरवरी को नामीबिया, 15 फरवरी को पाकिस्तान और 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने हैं. तिलक वर्मा भारत के T20I सेटअप में एक अहम खिलाड़ी रहे हैं, उन्होंने 37 पारियों में 49.29 की शानदार औसत और 144.09 के स्ट्राइक रेट से 1,183 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं. तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी की वजह से कप्तान सूर्यकुमार यादव को बैटिंग ऑर्डर में नंबर 3 पर आना पड़ सकता है. भारत ने अभी तक न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन T20I मैचों के लिए किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी का नाम नहीं बताया है.