.
सुल्तानपुर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम चुरका के समीप स्थित जंगल क्षेत्र में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश ईको पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से स्कूली बच्चों और जनसामान्य को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
इस वर्ष कार्यक्रम में शासकीय हाई स्कूल किनगी, अजीत नगर, कोसमी और शासकीय विद्यालय चुरका टोला के कुल 252 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस वर्ष की थीम हम हैं धरती के दूत रही। बच्चों ने चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रकृति पथ भ्रमण,पक्षी दर्शन कराया कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रकृति पथ भ्रमण और पक्षी दर्शन कराया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को जंगल, वन औषधियों और जंगली जीवों की विशेषताओं की जानकारी दी। साथ ही तेंदूपत्ता, महुआ, पलाश, गोंद और अन्य वन उत्पादों के महत्व को जड़ से बीज तक विस्तार से समझाया गया।
दैनिक जीवन में प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ की ओर से सभी प्रतिभागियों को अनुभूति किट प्रदान की गई। इस अवसर पर सुल्तानपुर परिक्षेत्र का वन अमला, शिक्षक, ग्राम चुरका टोला के सरपंच, समिति अध्यक्ष और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।