हरदा में कांग्रेस ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले को लेकर प्रेस वार्ता कर सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला। जिला प्रभारी रचना जैन ने इंदौर के महापौर को तत्काल पद से हटाने और उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
.
रचना जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग कांग्रेस नेताओं को मृतकों के परिजनों से मिलने नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दी गई दो-दो लाख रुपए की सहायता राशि को “मौत का तमाशा” करार दिया।
कांग्रेस ने ऐलान किया कि इन मुद्दों को लेकर 11 जनवरी को इंदौर में बड़ा जनआक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में विधायक डॉ. आर.के. दोगने, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्नोई, प्रवक्ता आदित्य गार्गव और ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद व्यास मौजूद रहे।
कांग्रेस ने मांग की कि इंदौर के महापौर को तत्काल हटाया जाए और जनता के प्रति “अमर्यादित भाषा और असंवेदनशील रवैये” के लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा लिया जाए। पार्टी ने सरकार द्वारा घोषित दो लाख रुपए के मुआवजे को बढ़ाकर प्रति मृतक परिवार को एक करोड़ रुपए करने की मांग भी रखी।
कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों को सजा नहीं दी जाएगी, तब तक कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।