शहडोल जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यौहारी थाना पुलिस ने अवैध रेत से लदी 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। जब्त किए गए वाहनों और खनिज की कुल अनुमानित कीमत 30 लाख 18 हजार रुपये आंकी गई है।
.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी 2026 को मुखबिर ने सूचना दी थी कि ग्राम रसपुर क्षेत्र में झापर नदी के घाट से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर आसपास के रास्तों से परिवहन किया जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद ब्यौहारी थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा।
जांच के दौरान कुछ ट्रैक्टर बिना रजिस्ट्रेशन के पाए गए, जबकि सभी ट्रॉलियों में अवैध रेत भरी हुई थी। जब्त किए गए वाहनों में स्वराज 733 एफई, स्वराज 735 एफई, सोनालिका डीआई 47 आरएस और सोनालिका डीआई 35 आरएस जैसे ट्रैक्टर शामिल हैं। प्रत्येक ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत लगभग 5 लाख रुपये और अवैध रेत की कीमत करीब 3 हजार रुपये प्रति ट्रॉली बताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और मालिक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने सभी मामलों में खनिज अधिनियम और एमपीडीआर एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी ब्यौहारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।