BCCI And BCB conflict. पिछले एक हफ्ते से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को लेकर मचा बवाल अभी तक थमा नहीं है. इस विवाद की चपेट में अब बांग्लादेश क्रिकेट के अन्य खिलाड़ी भी आ गए हैं. कप्तान लिटन दास से लेकर कई दूसरे खिलाड़ियों को आर्थिक तौर पर झटका लगा है. अब उन्हें इस बात की चिंता है कि उनकी कमाई का एक बड़ा जरिया बंद हो सकता है. ताजा रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि मुस्तफिजुर को लेकर हुए विवाद के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और बीसीसीआई के बीच बढ़ी तल्खी का असर अब दूसरे खिलाड़ियों पर पड़ रहा है. आइए जानते हैं कैसे.
दरअसल, आईपीएल 2026 के लिए हुई नीलामी में केकेआर ने बांग्लादेश के स्टार बॉलर मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा के बाद भारत में मुस्तफिजुर को आईपीएल 2026 से बाहर करने की मांग तेज हो गई. इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस मामले में दखल दिया. बोर्ड के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया.
इस फैसले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड तिलमिला गया. उसने न सिर्फ अपने देश में आईपीएल का प्रसारण बंद किया, बल्कि आईसीसी को एक मेल भेजकर यह मांग भी रख दी कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में होने वाले बांग्लादेश टीम के मैचों का वेन्यू बदला जाए.इसके पीछे खिलाड़ियों की सुरक्षा को सबसे बड़ी वजह बताया गया, हालांकि आईसीसी ने उसकी मांग ठुकरा दी है. इस पूरे बवाल के बाद अब कुछ ऐसा हुआ है, जिसे देखकर ये कह सकते हैं कि हर एक्शन का रिएक्शन जरूर होता है. अब भारत- बांग्लादेश क्रिकेट विवाद में वही देखने को मिल रहा है.
अब लगने वाला है बड़ा झटका
जैसे ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगाई, वैसे ही भारत की मशहूर बैट बनाने वाली कंपनी SG ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के साथ बैट स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का फैसला किया है. Telecom Asia Sport की रिपोर्ट के मुताबिक, SG ने बांग्लादेशी कप्तान लिटन दास समेत कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के साथ स्पॉन्सरशिप डील समाप्त करने का मन बना लिया है. हालांकि कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि फैसला लगभग तय हो चुका है.
इन खिलाड़ियों को होने वाला है बड़ा नुकसान
इस फैसले से सबसे ज्यादा नुकसान कप्तान लिटन कुमार दास, मोमिनुल हक (पूर्व टेस्ट कप्तान) और यासिर रब्बी को हो सकता है. इनमें से एक खिलाड़ी ने नाम न बताने की शर्त पर Telecom Asia Sport को बताया कि फिलहाल SG की ओर से इस डील को लेकर कोई मैसेज नहीं मिला है, लेकिन एजेंट्स के जरिए संकेत मिल चुके हैं कि अब कॉन्ट्रैक्ट आगे रिन्यू नहीं होगा. खिलाड़ी ने कहा कि आने वाले दिनों में यह पूरी तरह साफ हो जाएगा. उन्हें लगता है कि दूसरी कंपनियां भी बांग्लादेशी खिलाड़ियों को स्पॉन्सर करने से पीछे हट सकती हैं.
बीसीसीआई से पंगा लेना पड़ा भारी!
बता दें कि भारत की मशहूर बैट बनाने वाली कंपनी SG बांग्लादेश में भी अपने बल्ले बेचती है. वहां के कई स्टार खिलाड़ियों का कंपनी के साथ टाई-अप है. क्रिकेट में बल्लेबाज जिस बैट से खेलते हैं, उस पर किसी न किसी कंपनी का लोगो होता है, जो खिलाड़ी की कमाई का एक बड़ा जरिया होता है. लेकिन अब यही रास्ता बंद होता नजर आ रहा है. ऐसे में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ सकता है. इस पूरे मामले को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि बीसीसीआई से पंगा लेना बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भारी पड़ता दिख रहा है.
ये भी पढ़ें: 0 0 0 0 0 0: 50वें ओवर में हुआ करिश्मा…CSK के अनजान बॉलर ने मेडन ओवर फेंककर डिफेंड किए 6 रन, खुशी से झूम उठे गायकवाड़