सिंगरौली जिले के नौडिहवा चौकी क्षेत्र के गोडगवा गांव में शनिवार को मुरुम से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में दो नाबालिग लड़कों की दबकर मौत हो गई।
.
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली मुरुम से लदी हुई थी और काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त ट्रॉली में सवार 15 वर्षीय बुद्धिमान और 14 वर्षीय मक्कलू मुरुम के नीचे दब गए।
मुरुम का वजन इतना ज्यादा था कि दोनों किशोरों को संभलने का मौका नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया गया कि दोनों लड़के मुरम को खाली करने ट्रैक्टर पर बैठे थे।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी वजह
घटना के समय ट्रैक्टर संतकुमार यादव चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रफ्तार अधिक होने के कारण चालक ट्रैक्टर पर काबू नहीं रख पाया। सूचना मिलते ही नौडिहवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह चालक की लापरवाही और तेज गति को माना जा रहा है।