महू के मानपुर भेरू घाट पर शनिवार सुबह मुंबई-आगरा राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। घाट की ढलान पर उतरते समय एक के बाद एक कुल छह वाहन आपस में टकरा गए।
.
इस दुर्घटना में एक ट्रॉले और कार की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे ट्रक अन्य कारों पर चढ़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंदौर की ओर से घाट उतर रहे कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए। दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
एक पिकअप वाहन भी उड़कर एक कार पर जा गिरा, जिससे कार को भारी नुकसान हुआ। हादसे के कारण मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा।
मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने इस संबंध में बताया कि वाहनों में टक्कर हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।