मुस्तफिजुर विवाद ने पकड़ा तूल, BCB अधिकारी ने तमीम को बताया भारतीय एजेंट, भारत-बांग्लादेश में घमासान जारी


मुस्तफिजुर रहमान का विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. BCCI ने हाल ही में IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था. इस घटना के बाद बांग्लादेश ने ICC से अपने T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच भारत से बाहर कराने के लिए कहा था. इसी बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक सीनियर अधिकारी ने पूर्व बांग्लादेशी कप्तान तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ बताया है.

BCB अधिकारी ने तमीम को बताया भारतीय एजेंट

बांग्लादेश के दिग्गज ओपनर तमीम इकबाल ने BCB को सलाह दी थी कि वह भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी पर फैसला लेते समय भावनाओं में न बहें. बता दें कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन एम नजमुल इस्लाम ने यह टिप्पणी की थी. एम नजमुल इस्लाम ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘इस बार बांग्लादेश के लोगों ने अपनी आंखों से एक और पक्के भारतीय एजेंट को उभरते हुए देखा.’

Add Zee News as a Preferred Source


भारत-बांग्लादेश में घमासान जारी

नजमुल की इस पोस्ट पर बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर्स तस्कीन अहमद, मोमिनुल हक और तैजुल इस्लाम ने तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया दी. बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) ने भी इस बयान पर चिंता जताई. बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन (CWAB) ने अपने बयान में कहा, ‘एम नजमुल इस्लाम द्वारा तमीम इकबाल के बारे में की गई टिप्पणी बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के ध्यान में आई है. हम इससे हैरान, स्तब्ध और नाराज हैं.’

बांग्लादेशी क्रिकेटर्स ने जताई आपत्ति

CWAB ने आगे कहा, ‘बांग्लादेश के इतिहास के सबसे सफल ओपनर (तमीम इकबाल), जिन्होंने 16 साल तक देश का प्रतिनिधित्व किया, उनके बारे में बोर्ड के एक अधिकारी द्वारा ऐसी टिप्पणी पूरी तरह से निंदनीय है. यह सिर्फ इसलिए नहीं कि यह तमीम जैसे खिलाड़ी से जुड़ा है, बल्कि देश के किसी भी क्रिकेटर के बारे में ऐसी टिप्पणियां अस्वीकार्य हैं और पूरे क्रिकेट समुदाय का अपमान हैं.’



Source link