IND vs NZ 1st ODI: नया साल…नया स्टेडियम…इस मैदान पर पहली बार खेलेगी टीम इंडिया, 200 प्लस करोड़ में बनकर हुआ तैयार, जानिए खासियत

IND vs NZ 1st ODI: नया साल…नया स्टेडियम…इस मैदान पर पहली बार खेलेगी टीम इंडिया, 200 प्लस करोड़ में बनकर हुआ तैयार, जानिए खासियत


IND vs NZ 1st ODI: भारतीय क्रिकेट जिस पल का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, वो घड़ी आ चुकी है. अब से कुछ घंटों के बाद टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी. नए साल 2026 में टीम इंडिया का यह पहला टास्क है. उसे अपने घर में कीवी टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. पहला मुकाबला 11 जनवरी की दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा. यह मैच नए स्टेडियम में होगा, जहां टीम इंडिया पहली बार कोई मैच खेलने उतरेगी. जिस मैदान पर टीम नए साल का पहला मुकाबला खेलेगी, वो वडोदरा का कोटांबी स्टेडियम है. इस मैदान पर पहली बार पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेट मैच होगा.

करोड़ों की लागत से बनकर तैयार हुए इस अत्याधुनिक स्टेडियम में 30,000 दर्शक बैठ सकते हैं. 2024 में बनकर तैयार हुआ ये स्टेडियम वडोदरा शहर के बाहरी इलाके कोटांबी में स्थित है. इसे बारोडा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम या वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के नाम से भी जाना जाता है. इसका उद्घाटन दिसंबर 2024 में हुआ था. तब से यहां सिर्फ महिला इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं. ये पहली बार है जब टीम इंडिया यहां मैच खेलने उतरेगी. खास बात ये है कि पहले ही मेंस इंटरनेशनल मैच में यहां रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों का जलवा दिखेगा.

वडोदरा में 15 साल बाद होने जा रहा वनडे मैच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला पहला वनडे इसलिए भी खास है, क्योंकि पूरे 15 साल बाद वडोदरा में इंटरनेशनल वनडे होने जा रहा है. वो भी नए स्टेडियम में. 2010 से पहले तक वडोदरा के मोतीबाग ग्राउंड पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले होते थे, लेकिन पिछले करीब 15 साल से यह शहर बड़े मैचों से दूर रहा है. अब नए स्टेडियम कोटांबी के जरिए वडोदरा एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट मैप पर मजबूती से लौटने को तैयार है.

Add Zee News as a Preferred Source


कितने करोड़ में तैयार हुआ कोटांबी स्टेडियम?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोटांबी स्टेडियम का निर्माण लगभग 200 से 215 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. साल 2015 में गुजरात सरकार और बड़ोदा क्रिकेट एसोसिएशन के बीच एक एमओयू साइन हुआ था, जिसके तहत 29 एकड़ जमीन पर इस स्टेडियम को तैयार किया गया है.

कोटांबी स्टेडियम की खासियत क्या है?

करीब 215 करोड़ की लागत में बनकर तैयार हुआ कोटांबी स्टेडियम अपनी आधुनिक सुविधाओं के लिए जाना जाता है. यहां 30,000 से ज्यादा दर्शकों के बैठने की क्षमता है. 35 लग्जरी कॉरपोरेट बॉक्स बनाए गए हैं. सबसे बड़ी खासियत ये है कि रेत आधारित आउटफील्ड की वजह से बारिश के बाद भी मैच जल्दी शुरू किया जा सकता है. यहां की पिच लाल और काली मिट्टी से तैयार की गई हैं. स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए जकूजी, आइस बाथ, ओलंपिक साइज स्विमिंग पूल, फिजियो रूम और जिम जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. इसके अलावा टर्फ, सीमेंट और एस्ट्रोटर्फ विकेट के साथ बड़ा प्रैक्टिस एरिया, इनडोर नेट सुविधा और अत्याधुनिक ब्रॉडकास्ट व कमेंट्री सेटअप भी इस स्टेडियम को खास बनाते हैं.

ये भी पढ़ें: T20 World Cup: इस बार भी नहीं टूटेगा विराट कोहली का ये प्रचंड रिकॉर्ड, पिछले 10 साल से है अमर

 



Source link