MI vs RCB: WPL 2026 के पहले ही मैच में डिफेंडिंग चैंपियंस मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा. आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में आखिरी गेंद पर मुंबई को हार मिली. जिसके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर नाखुश दिखीं, उन्होंने टीम की एक पेसर को हार का गुनहगार बता दिया. दरअसल, आखिरी ओवर में आरसीबी की टीम को 18 रन की दरकार थी जो आरसीबी की ऑलराउंडर डी क्लर्क ने चौके-छक्के जमाकर बनाए. आखिरी गेंद पर जब जीत 2 रन दूर थी तो डी क्लर्क ने चौका जमाकर मुंबई की उम्मीद तोड़ दी.
डी क्लर्क पूरी MI टीम पर भारी
आरसीबी की डी क्लर्क पूरी मुंबई की टीम पर भारी नजर आईं. उन्होंने पहले जोरदार गेंदबाजी से मुंबई को महज 154 के स्कोर पर रोक दिया. डी क्लर्क ने 4 विकेट झटके, इसके बाद बल्लेबाजी में भी मुंबई के सामने रोड़ा बन गईं. आरसीबी ने 100 से पहले ही 5 बल्लेबाज खो दिए थे, जिसके बाद मुंबई को जीत की उम्मीद थी. लेकिन डी क्लर्क ने 44 गेंद में 63 रन की पारी खेलकर उम्मीदों को तार-तार कर दिया. आखिरी ओवर में उन्होंने नेट सीवर ब्रंट के ओवर में 18 रन ठोके, जिनपर कप्तान कौर ने हार का ठीकरा फोड़ दिया.
क्या बोलीं हरमनप्रीत कौर?
हरमनप्रीत कौर ने हार के बाद कहा, ‘हम जानते हैं कि उसके (डी क्लर्क) पास आखिरी ओवर में जितने भी रन चाहिए, उतने बनाने की क्षमता है. लेकिन हाँ, मुझे लगता है कि हमने आखिरी ओवर में एक भी अच्छी गेंद नहीं फेंकी, जिसकी जरूरत थी. कभी-कभी ऐसा होता है. हमने उसे दो-तीन मौके दिए और जब आप किसी बल्लेबाज को मौके देते रहते हैं, तो वे हमेशा और भी मजबूत मानसिकता के साथ वापस आते हैं. हम यह नहीं कह सकते कि आखिरी ओवर हमारे पक्ष में नहीं गया. हमें कुछ मौके मिले, लेकिन हमने उन्हें गंवा दिया.
ये भी पढ़ें.. नया कप्तान, नया ओपनिंग पेयर.. यूपी वॉरियर्स करेगी नई शुरूआत, स्क्वॉड में कितना है दम
लास्ट ओवर में मिल सकती थी जीत
कप्तान कौर ने बताया कि कैसे जीत मिल सकती थी. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि आखिरी ओवर में एक अच्छी गेंद बस इतना ही चाहिए था. नहीं तो, मुझे लगता है कि हम गेम में थे. हमने यह मैच जीतने के लिए वह सब कुछ किया जो जरूरी था, सिवाय उस आखिरी ओवर के. अगर हम एक अच्छी गेंद फेंक पाते, तो हम मैच जीत सकते थे. खैर, WPL में हमें हमेशा ऐसे मैच मिलते हैं. और हम जानते हैं कि अगर हम इस गेम के बारे में सोचते रहेंगे, तो यह कल हमारे काम नहीं आएगा. इसलिए मुझे लगता है कि हमें इस मैच से सीखने और अगले मैच में बेहतर कैसे कर सकते हैं, इस बारे में सोचने की जरूरत है. हां, पहली पारी में, मुझे लगता है कि हमें पावरप्ले में अच्छी शुरुआत नहीं मिली. उम्मीद है, अगले मैच में, हम साथ बैठकर चर्चा करेंगे कि हम इसे कैसे करना चाहते हैं। शुरुआत में, इस पिच पर बल्लेबाजी करना उतना आसान नहीं था. बाद में, यह बेहतर होता गया. अब हम पिच को जानते हैं, हम जानते हैं कि हालात कैसे होंगे और उम्मीद है कि अगले मैच में हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे.’