Sports Top 5 News Story: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) के 2026 सीजन की शुरुआत जीत के साथ की है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. दूसरी तरफ रोहित शर्मा और विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज रविवार 11 जनवरी से शुरू होगी. पढ़िए आज की क्रिकेट जगत की ये 5 बड़ी खबरें.
1. WPL 2026 में RCB ने किया जीत से आगाज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. इस टीम ने शुक्रवार को डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 3 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया. नादिन डी क्लार्क ने गेंद के साथ बल्ले से भी अपना शानदार योगदान दिया.
2. प्रैक्टिस सेशन में विराट-रोहित का जलवा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज कल यानी रविवार 11 जनवरी से शुरू होगी. रोहित शर्मा और विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं. ट्रेनिंग सेशन में विराट कोहली और रोहित शर्मा अच्छी लय में दिखे. विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भारतीय तेज गेंदबाजों, स्पिनरों और थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट के साथ लगभग डेढ़ घंटे बिताए.
3. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आयरलैंड की टीम का ऐलान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आयरलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड की कप्तानी पॉल स्टर्लिंग करेंगे. आयरलैंड की टीम में टिम टेक्टर, बेन कैलिट्ज और मैथ्यू हम्फ्रीज जैसे 3 नए खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है.
4. बांग्लादेश मामले में BCCI का बड़ा बयान
बांग्लादेश के मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा बयान दिया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कहा कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी पर टिप्पणी करना उसका काम नहीं है. BCCI ने बताया कि यह मामला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के अधिकार में आता है. बांग्लादेश ने ICC से अपने T20 वर्ल्ड कप मैच भारत से बाहर कराने के लिए कहा है, क्योंकि BCCI ने IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया था.
5. BCB अधिकारी ने तमीम इकबाल को ‘इंडियन एजेंट’ बताया
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के एक सीनियर अधिकारी ने पूर्व बांग्लादेशी कप्तान तमीम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ बताया है. बांग्लादेश के दिग्गज ओपनर तमीम इकबाल ने BCB को सलाह दी थी कि वह भारत में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश की भागीदारी पर फैसला लेते समय भावनाओं में न बहें. बता दें कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल ने यह टिप्पणी की थी.