मृतक की बाइक मौके पर बरामद की गई है।
अनूपपुर के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक 50 साल के व्यक्ति का शव कच्ची सड़क पर पड़ा मिला। मामला दारसागर ग्राम पंचायत के बगडुमरा रोड से भाद की ओर जाने वाली सड़क का है।
.
मृतक की पहचान भालूमाड़ा निवासी शोभा नामदेव के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही भालूमाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का मुआयना किया।
मौके से सिंदूर, सिगरेट, लाइटर सहित अन्य सामान बरामद
घटनास्थल के पास एक बाइक (नंबर MP 65 ZC 8470) खड़ी मिली है। इसके अलावा वहां सिंदूर, सिगरेट, लाइटर समेत कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला बताया है।
भालूमाड़ा थाना प्रभारी विपुल शुक्ला ने बताया कि मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे उसकी मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
दोपहर 12 बजे घर से निकला था शख्स
पुलिस के मुताबिक मृतक रविवार 11 जनवरी को घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि उनकी उससे आखिरी बार दोपहर करीब 12 बजे फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मोबाइल कॉल डिटेल समेत हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।