अस्पताल में एडमिट घायल बुजुर्ग।
सीधी जिले के ग्राम डोल में रविवार सुबह एक जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक भतीजे ने अपने 78 वर्षीय चाचा पर हमला कर दांतों से उनका कान काट दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
.
यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घायल बुजुर्ग की पहचान राज बहादुर सिंह (लगभग 78 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, राज बहादुर सिंह अपने घर के पास झाड़ू लगा रहे थे, तभी उनके छोटे भाई का बेटा तीरथ सिंह वहां पहुंचा।
तीरथ सिंह ने पुराने जमीनी विवाद को लेकर राज बहादुर सिंह से गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राज बहादुर सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी भतीजे ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि तीरथ सिंह ने अपने दांतों से राज बहादुर सिंह का कान काट लिया, जिससे वह शरीर से अलग हो गया।
कान कटने से घायल हुआ बुजुर्ग।
अत्यधिक खून बहने के कारण बुजुर्ग की हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद राज बहादुर सिंह के बेटे मुन्ना सिंह ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायल पिता को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया।
पट्टे की जमीन पर घर बनवाने का विवाद
अस्पताल में उपचार के दौरान राज बहादुर सिंह ने बताया कि विवाद घर और जमीन को लेकर चल रहा था। उन्होंने अपनी पट्टे की जमीन पर घर बनवाया था, जिस पर भतीजा तीरथ सिंह दावा कर रहा था कि वह जमीन उसके हिस्से की है। इसी बात को लेकर तीरथ सिंह उन पर घर खाली करने का दबाव बना रहा था।
जीरो पर एफआईआर दर्ज
इस पूरे मामले में अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि एक बुजुर्ग के कान कटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने संज्ञान लिया है। घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और मामले में जीरो पर एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को प्रकरण भेज दिया गया है।