ग्वालियर में 21 साल की युवती ने की आत्महत्या: लव मैरिज के 8 महीने बाद फांसी लगाकर दी जान; परिजन बोले-कार के लिए 5 दिन पहले पीटा था – Gwalior News

ग्वालियर में 21 साल की युवती ने की आत्महत्या:  लव मैरिज के 8 महीने बाद फांसी लगाकर दी जान; परिजन बोले-कार के लिए 5 दिन पहले पीटा था – Gwalior News


पहले फोटो में मृतका काजल, दूसरे फोटो में पांच दिन पहले मारपीट के बाद काजल की स्थिति।

ग्वालियर में रविवार दोपहर चंदनपुरा, हजीरा में एक 21 साल की युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को बाहर निकाला। मृतका ने आठ महीने पहले ही अपने परिवार से लड़-झगड़कर लव-मैरिज की थी।

.

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पहुंचे और आरोप लगाया कि उसने प्रेम विवाह जरूर किया था, लेकिन पति और ससुरालजन पांच लाख रुपए और कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि पांच दिन पहले ही पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। फिलहाल पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और मायके पक्ष के आरोपों की जांच की जा रही है।

चंदनपुरा निवासी 21 वर्षीय काजल सिंह, पत्नी दीपक तोमर ने रविवार दोपहर अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला, जब उसकी सास ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। काफी देर बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्होंने बेटे दीपक को सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही पति और ससुर भी घर पहुंचे। खिड़की से झांककर देखने पर पता चला कि काजल ने फांसी लगाई है। इसके बाद पुलिस और काजल के पिता को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और काजल के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर शव को निगरानी में लिया।

दो साल पहले प्यार हुआ, आठ माह पहले की लव मैरिज

बताया गया है कि भिंड निवासी काजल की बुआ दीपक के घर के पास ग्वालियर के हजीरा, चंदनपुरा में रहती हैं। दो साल पहले काजल पढ़ाई करने के लिए ग्वालियर अपनी बुआ के घर आई थी। यहीं उसकी दोस्ती दीपक से हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों ने परिवार के विरोध के बावजूद आठ माह पहले लव मैरिज कर ली थी।

पांच दिन पहले कार के लिए पीटा था

काजल के पिता रंजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि कुछ माह से दीपक और उसके परिजन काजल से पांच लाख रुपए व कार की मांग के लिए मारपीट करते थे। घटना से पांच दिन पहले भी काजल की बेरहमी से मारपीट की थी, जिसके फोटो भी परिजन ने पुलिस को सौंपे हैं।

हजीरा टीआई जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया-

महिला के शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मायके पक्ष ने जो आरोप लगाए हैं। उसके आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

QuoteImage



Source link