टीम इंडिया का न्यू ईयर गिफ्ट, न्यूजीलैंड को दी शिकस्त, कोहली की रिकॉडतोड़ पारी

टीम इंडिया का न्यू ईयर गिफ्ट, न्यूजीलैंड को दी शिकस्त, कोहली की रिकॉडतोड़ पारी


नई दिल्ली.  भारतीय क्रिकेट टीम ने 2026 की शुरुआत जीत से की. शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया. इस जीत से भारतीय टीम ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.  भारत की जीत में विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर के साथ केएल राहुल ने अहम भूमिका निभाई. कोहली अपना 85वां इंटरनेशनल शतक 7 रन से चूक गए जबकि शुभमन गिल ने हाफ सेंचुरी जड़ी वहीं श्रेयस अय्यर काइल जेमिसन ने अर्धशतक से रोक दिया. श्रेयस एक रन से अपना अर्धशतक चूक गए. सीरीज का दूसरा वनडे राजकोट में 14 जनवरी को खेला जाएगा.

301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 49 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 306 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम कर लिया. रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को सतर्क शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी की. रोहित शर्मा 29 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हो गए. हालांंकि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 650 छक्के पूरे कर लिए.  इसके बाद गिल को विराट कोहली का साथ मिला. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की. गिल 71 गेंदों पर 56 रन बनाकर आउट हुए. कोहली और श्रेयस अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर भारत को 234 के स्कोर पर पहुंचाया. कोहली 91 गेंदों पर 93 रन बनाकर आउट हुए वहीं श्रेयस ने 47 गेंदों पर 49 रन की पारी खेली.  इसके बाद का काम केएल राहुल ने किया. राहुल ने छक्के से भारत को जीत दिलाई. उन्होंने 21 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाए जबकि हर्षित राणा ने 23 गेंदों गेंदों पर 29 रन की पारी खेली. न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमिसन ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए.

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है.

विराट कोहली ने सबसे तेज 28000 रन बनाए
विराट कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28000 रन बना लिए. विराट ने इस आंकड़े पर पहुंचने वाले पारियों के लिहाज से सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. सबसे कम पारियों में विराट ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल की. कोहली को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 25 रन की जरूरत थी. इसके अलावा विराट इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने के मामले में सचिन के बाद दूसरे नंबर पर पहुंच गए. उन्होंने कुमार संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ा.

रोहित ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 650 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने
रोहित शर्मा ने छक्कों का एक और कीर्तिमान बनाया. रोहित ने इस मैच में इंटरनेशनल क्रिकेट का अपना 650वां छक्का लगाया. यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जहां तक दुनिया का कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं पहुंचा है. रोहित शर्मा ने पिछले साल वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड नाम किया था. उन्होंने पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी का विश्व कीर्तिमान ध्वस्त किया था.

न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 300 रन बनाए
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (84), हेनरी निकोल्स (62) और डेवोन कॉनवे (56) के अर्धशतकों की मदद से 8 विकेट पर 300 रन बनाए. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज डेरिल मिचेल अपनी जुझारू पारी से उम्मीदों पर खरे उतरे जिससे न्यूजीलैंड की टीम मध्य क्रम के लड़खड़ाने के बावजूद उबरने में सफल रही. कॉनवे और निकोल्स ने आदर्श शुरुआत कराई लेकिन न्यूजीलैंड का मध्य क्रम इसका फायदा उठाने में विफल रहा. इसके बाद मिचेल ने 71 गेंद की पारी के दौरान पांच चौके और तीन छक्के लगाए जबकि निकोल्स की 69 गेंद की पारी में आठ चौके जड़े थे. कॉनवे ने 67 गेंद में छह चौके और एक छक्का लगाया.

कॉनवे-निकोल्स की जोड़ी ने 117 रन की साझेदारी
भारत के लिए तेज गेंदबाज हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो दो विकेट लिए जबकि स्पिनरों में कुलदीप यादव को एक विकेट मिला. सलामी बल्लेबाज कॉनवे और निकोल्स ने पहले 21 ओवरों में 117 रन की साझेदारी की लेकिन राणा (65 रन देकर दो विकेट) के दूसरे स्पेल ने कमाल कर दिया जिसमें उन्होंने दो ओवर में 13 रन देकर दो विकेट झटके. इसके बाद घरेलू टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए.

कॉनवे और निकोल्स की जोड़ी ने ओपनिंग में बनाया बड़ा रिकॉर्ड.

न्यूजीलैंड ने 22वें ओवर में 117 रन बना लिए थे
न्यूजीलैंड का स्कोर 22वें ओवर में बिना किसी नुकसान के 117 रन से 38वें ओवर में पांच विकेट पर 198 रन हो गया. लेकिन मिचेल डटे रहे. राणा ने 22वें ओवर में कॉनवे और निकोल्स के बीच शतकीय साझेदारी का अंत किया. उनकी ऑफ-कटर गेंद निकोल्स से दूर जा रही थी लेकिन बल्लेबाज ने आगे बढ़कर इसे खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई, जिससे भारत को पहली सफलता मिली.

डेब्यूटेंट क्लार्क ने नाबाद 24 रन बनाए
राणा ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए धीमी गेंदों के साथ कुछ तेज रफ्तार की गेंद भी डालीं. लेकिन 24वें ओवर की आखिरी गेंद कॉनवे के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों पर लग गई. अगर कुलदीप यादव ने पांचवें ओवर में थर्ड मैन पर एक आसान कैच पकड़ लिया होता तो भारत को पहले विकेट के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता, तब निकोल्स पांच रन पर थे. सिराज ने एक धीमी गेंद पर विल यंग को आउट किया जबकि प्रसिद्ध कृष्णा (60/2) ने 37वें ओवर में मिचेल हे (12) को पवेलियन भेजा. ग्लेन फिलिप्स थोड़े सुस्त दिखे जिन्हें कुलदीप ने आउट किया. न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवैल को श्रेयस अय्यर से शानदार हिट से रन आउट किया. पदार्पण करने वाले क्रिस्टियन क्लार्क ने 17 गेंद में तीन चौके से नाबाद 24 रन बनाए.



Source link